हल्द्वानी: सड़क हादसे में नर्सिंग छात्रा की मौत

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें



हल्द्वानी। लामाचौड़ क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा कंचन पांडे (21) की इलाज के दौरान मौत हो गई। 14 सितंबर की रात कॉलेज से स्कूटी पर घर लौटते समय कमलुवागांजा मार्ग पर अचानक सामने आए निराश्रित कुत्ते को बचाने के प्रयास में उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई थी। हादसे में कंचन के सिर में गंभीर चोट आई थी।स्थानीय खबरें पढ़ें

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल कंचन को मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन 16 सितंबर की देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।


कंचन एक निजी कॉलेज में बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा थीं। उनकी ड्यूटी महिला अस्पताल में भी लगी हुई थी। हादसे की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।


परिवार ने पेश की मिसाल, दान की आंखें
कंचन के निधन के बाद उनके परिजनों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए उनकी आंखें एसटीएच अस्पताल के आई बैंक में दान कर दीं। परिवार के इस निर्णय से कंचन के निधन के बाद भी उनकी आंखों के जरिए किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद जगी है।

कंचन के पिता भगवती प्रसाद शिक्षा विभाग में क्लर्क हैं। वह अपने माता-पिता के साथ रहती थीं। उनके बड़े भाई गौरव पांडे क्रूज पर कार्यरत हैं और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते हैं।


पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की रात कंचन कॉलेज से घर लौट रही थीं। कमलुवागांजा मार्ग पर अचानक स्कूटी के सामने कुत्ता आ गया। उसे बचाने के लिए ब्रेक लगाने पर स्कूटी फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ीं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

ADVERTISEMENTS