हलद्वानी- कोतवाली पहुंची संदिग्ध महिला, दीवार पर सिर मारकर बोली – ‘मैं मां काली हूं, मेरा भोला कहां है?’

ख़बर शेयर करें

रुद्रपुर के ठाकुर नगर में बच्चों को अपने साथ ले जा रही एक महिला पर स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी का आरोप लगाकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महि …और पढ़ें

News Article Hero Image
इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

रुद्रपुर। ठाकुर नगर में खेल रहे बच्चों को एक महिला अपने साथ ले जाने लगी। यह देख स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए उसे पकड़ लिया। साथ ही उसकी धुनाई भी की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और आरोपित महिला को कोतवाली ले गई। जहां जांच में पता चला कि महिला अर्द्ध-विक्षिप्त है और होली के दिन भी खुद को मां काली बताते हुए अपने भोले को खोजते हुए दीवार पर सिर मार रही थी। बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया।

 बच्चा चोरी का शक जताते हुए महिला को पकड़ लिया

रविवार सुबह 11 बजे के आसपास ट्रांजिट कैंप के ठाकुर नगर मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी बीच वहां पर एक महिला पहुंची और बच्चों को अपना बताते हुए अपने साथ चलने के लिए कहने लगी। यह देख बच्चों के माता-पिता के साथ ही आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने बच्चा चोरी का शक जताते हुए महिला को पकड़ लिया और उसकी धुनाई लगा दी। जिससे मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया और अच्छा खासा हंगामा हो गया। इस पर किसी ने सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप से पुलिस टीम पहुंची और लोगों से जानकारी ली। जिसके बाद पुलिस लोगों से बचाते हुए महिला को कोतवाली ले आई। जहां पहुंचे लोगों ने आरोपित महिला पर कार्रवाई की मांग की। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह बड़बड़ाते हुए अनाप शनाप बक रही थी।

एसएसआइ महेश कांडपाल ने बताया कि महिला अर्द्ध-विक्षिप्त है। इससे पहले भी वह होली के दिन कोतवाली आई थी और खुद को मां काली बताते हुए अपने भोले को ढूंढ रही थी। साथ ही दीवार पर भी सिर मार रही थी। महिला के मानसिक हालत को देखते हुए उसे छोड़ दिया गया है। महिला कहां की रहने वाली है उससे पूछताछ करने पर वह कुछ नहीं बता पाई।