हल्द्वानी में तेज रफ्तार का कहर: स्कूल वैन और स्कॉर्पियो की टक्कर

हल्द्वानी। हल्द्वानी में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद तेज रफ्तार पर लगाम नहीं लग पा रही है। शुक्रवार को एक बार फिर तेज रफ्तार ने बड़ा हादसा होने का खतरा पैदा कर दिया। गौलापार के नवाड़खेड़ा के पास नौ स्कूली बच्चों को लेकर जा रही आरम स्कूल की वैन और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में एक बच्चे के सिर में चोट आई, जबकि अन्य सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। दोनों चालकों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को पास के क्लीनिक ले जाया गया। इसी बीच स्कूल प्रबंधन का स्टाफ भी पहुंच गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल बच्चे को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल भेजा गया। अन्य बच्चों को स्कूल प्रबंधन ने दूसरे वाहन से स्कूल रवाना किया।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो गौला पुल की ओर से आ रही थी, जबकि स्कूल वैन काठगोदाम की ओर से आ रही थी और बच्चों को लेने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान दोनों वाहन टकरा गए। स्कॉर्पियो सवार मथुरा के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे के बाद दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया।
काठगोदाम कोतवाल जसबीर सिंह चौहान ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की एक वजह मानी जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शहर में हाल के दिनों में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे यह संकेत दे रहे हैं कि तेज रफ्तार और लापरवाही पर अभी भी प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। शुक्रवार का यह हादसा भी चेतावनी है कि समय रहते सख्ती नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



उत्तराखंड के जाबांज पत्रकार राहुल कोटियाल को कवरेज के दौरान पड़े डंडे