लालकुआं में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध सागौन लकड़ी जब्त; तस्कर फरार

लालकुआं। तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज में वन विभाग ने सागौन की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल जब्त कर पांच गिल्टे सागौन की लकड़ी बरामद की है। बरामद लकड़ी की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि टांडा रेंज के जंगल से सागौन की लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद पिकअप संख्या UK06CC0122 वहां पहुंची और तस्कर पहले से रखे सागौन के गिल्टे वाहन में लोड करने लगे। टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो तस्करों ने कथित रूप से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में वन विभाग की टीम ने भी फायरिंग की। अंधेरा अधिक होने के कारण तस्कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
कई मुकदमे दर्ज
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने पांच गिल्टे सागौन की लकड़ी, पिकअप वाहन तथा बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UK04X6525 को कब्जे में लिया। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार फरार तस्करों की पहचान आकाश सिंह निवासी सांपकठानी गुर्जर खत्ता और चालक अभिषेक निवासी घोड़ानाला के रूप में हुई है। आकाश सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी लकड़ी तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है।
वन विभाग ने दोनों आरोपितों के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है। विभाग ने कहा कि मानसून के दौरान जंगलों में विशेष गश्त बढ़ा दी गई है और अवैध लकड़ी तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



उत्तराखंड के जाबांज पत्रकार राहुल कोटियाल को कवरेज के दौरान पड़े डंडे