कुमाऊँ:- रिजॉर्ट से गूल में बहता दिखा सीवर का पानीः वीडियो बनाकर उठाए सवाल, जांच की मांग

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

रामनगर के मोहान क्षेत्र में एक रिजॉर्ट से कथित सीवर का पानी गूल में बहता दिखा है। इस घटना को लेकर हड़कंप मच गया है। वन्यजीव प्रेमी और नेचर गाइड त्रिलोक सिंह ने इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

त्रिलोक सिंह ने अपने फेसबुक वॉल पर वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि यह पानी ब्लू रिजॉर्ट से आ रहा है। वीडियो में वह मौके की स्थिति दिखाते हुए इस मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि रिजॉर्ट से निकल रहा यह कथित सीवर का पानी सामने मौजूद नहर की ओर जा रहा है।

वीडियो में त्रिलोक सिंह यह भी बता रहे हैं कि अब यहां एक नया तरीका अपनाया गया है। उनके अनुसार, संबंधित जगह को सीमेंटेड कर दिया गया है और नीचे से पानी निकलकर आगे जा रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की मांग की है।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में रिजॉर्ट से निकलने वाले अपशिष्ट और सीवर के पानी के सही निस्तारण पर सवाल उठ रहे हैं। रामनगर जैसे वन्यजीव और पर्यटन क्षेत्र में इस तरह के पानी का प्राकृतिक जलस्रोतों या नहरों में पहुंचना पर्यावरण के लिए चिंता का विषय हो सकता है।

हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस वीडियो का संज्ञान लेता है या नहीं। यदि पानी के स्रोत को लेकर शिकायत सही पाई जाती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

ADVERTISEMENTS