मालिक आपसे प्राइवेट रूम में मिलना…’, नाइटक्लब में गए थे दंपती, वेटर ने महिला को आकर थमाई पर्ची; फिर जो हुआ

ख़बर शेयर करें

जयपुर के एक नाइटक्लब में महिला से छेड़छाड़ और उसके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। क्लब मालिक पर महिला को प्राइवेट रूम में मिलने का प्रस्ताव …और पढ़ें

Hero Image
घटना 10 दिसंबर की देर रात अशोक नगर थाना क्षेत्र के क्लब अल्फा में हुई। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

दिल्ली। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक नाइटक्लब में महिला से छेड़छाड़ और उसके पति के साथ बर्बर मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल क्लब मालिक ने महिला से अकेले मिलने के लिए कहा और फिर मना करने पर बात बिगड़ती चली गई।

घटना 10 दिसंबर की देर रात अशोक नगर थाना क्षेत्र के क्लब अल्फा में हुई। झोतवाड़ा निवासी इराम शेख अपने पति नवेद उस्मानी के साथ क्लब में पहुंची थीं। दोनों रेस्टोरेंट एरिया में टेबल पर बैठे थे। तभी एक वेटर उनके पास आया और एक कागज पर लिखा मोबाइल नंबर दिया।

क्लब मालिक पर लगे कई आरोप

वेटर ने कथित तौर पर बताया कि यह नंबर क्लब मालिक भारत टैंक का है और वे इराम से प्राइवेट रूम में मिलना चाहते हैं। इराम ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया। इनकार के बाद थोड़ी देर में इराम वॉशरूम के लिए गईं। वहां क्लब मालिक भारत टैंक, मैनेजर दीपक और कई बाउंसर्स ने उन्हें घेर लिया।

आरोप है कि उन्होंने इराम के साथ अभद्र व्यवहार किया, अश्लील हरकतें कीं और छेड़छाड़ की। इराम ने शोर मचाया तो नवेद उस्मानी दौड़कर आए और क्लब स्टाफ के व्यवहार का विरोध किया। विरोध करते ही मामला हिंसक हो गया।

पति पर लोहे की रॉडों से किया हमला

भारत टैंक, दीपक और बाउंसर्स ने नवेद पर लोहे की रॉडों से वार किए। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि नवेद का पैर दो जगह से फ्रैक्चर हो गया। शरीर पर भी कई गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने दंपती की कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को खबर दी गई। नवेद को फौरन एसएमएस अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने पैर में दो फ्रैक्चर की पुष्टि की और उन्हें ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

इराम की शिकायत पर अशोक नगर थाने में क्लब मालिक भारत टैंक, मैनेजर दीपक और बाउंसर्स के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और संपत्ति क्षति के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। अशोक नगर एसीपी बलराम चौधरी ने बताया कि घटना की गहन जांच चल रही है।

पुलिस क्लब का सीसीटीवी फुटेज जब्त कर रही है। आरोपियों के कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं। पीड़ितों के बयान दर्ज हो चुके हैं। एसीपी ने कहा कि सबूतों के आधार पर जल्द कार्रवाई होगी।