हल्द्वानी में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार; चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन वाहन चोरों के साथ एक मैकेनिक भी गिरफ्तार; चोरी की बाइक खरीदकर पार्ट्स काटकर बेचता था मैकेनिक
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में वाहन चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन कथित वाहन चोरों सहित चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले एक मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने 5 नवंबर 2026 को गोलापार बाईपास रोड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को वादी नाजिम पुत्र जाहिद अली निवासी इंद्रानगर काठा, बनभूलपुरा की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP25 Q 4376) घर के बाहर से चोरी हो गई थी। इस मामले में बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा संख्या 171/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
वहीं, 24 अक्टूबर 2026 को निजाम पुत्र बुध निवासी शाहाबाद, रामपुर (उत्तर प्रदेश) की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP22AJ5716) भी बनभूलपुरा क्षेत्र से चोरी हुई थी। इस मामले में मुकदमा संख्या 185/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
चोरी की बाइक खरीदकर काटता था पार्ट्स
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलें विजय श्रीवास्तव नामक मैकेनिक को बेच दी जाती थीं। विजय श्रीवास्तव मोटरसाइकिलों के पार्ट्स काटकर बेचता था और उनसे मिलने वाली रकम आरोपियों के बीच बांटी जाती थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें और मैकेनिक विजय श्रीवास्तव के कब्जे से तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस तरह कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में करण पाठक (20), निवासी आरटीओ रोड, पाल कॉलेज क्षेत्र, लालपुर नायक; योगेश कुमार आर्य (21), निवासी प्रेमपुर लोशज्ञानी; दीपक शर्मा (21), निवासी फूलचौड़ इंटर कॉलेज के पास, आरटीओ रोड और विजय श्रीवास्तव (22), निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड हल्द्वानी शामिल हैं। विजय श्रीवास्तव मूल रूप से बरेली जनपद के भोजीपुरा क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि करण पाठक, योगेश कुमार और दीपक शर्मा के विरुद्ध पूर्व में भी काठगोदाम कोतवाली में वाहन चोरी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम को 2500 रुपये का इनाम
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में बनभूलपुरा, लालकुआं, मुखानी, काठगोदाम और खुड़ानी क्षेत्र के पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के सराहनीय कार्य के लिए 2500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


