#ex #cm #arrest पूर्व सीएम की गिरफ्तारी का जोरदार विरोध, सड़को में टायर जला रहे लोग, सीएम का किया पुतला दहन

ख़बर शेयर करें

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थक सड़को पर उतर आए हैं। उनकी पार्टी तेलुगु देशम पार्टी ने सोमवार को पूरे राज्य में बंद का आहवान किया है। पूर्व सीएम की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए जन सेवा पार्टी के पवन कल्याण ने भी इस बंद का समर्थन किया है। पूर्व सीएम की गिरफ्तारी के एक दिन बाद यानी कि रविवार को आंध्र प्रदेश राज्य कौशल विकास निगम में भ्रष्टाचार के मामले में उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Ad
Ad

आंदोलन में भाग लेने का लोगों से अनुरोध
वहीं टीडीपी आंध्र प्रदेश के अध्यक्ष के अत्चन्नायडू ने पार्टी के कैडर लोगों और समर्थकों से आंदोलन में भाग लेने और इसे सफल बनाने का अनुरोध किया है। जेएसपी के पवन कल्याण ने भी कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से इस बंद में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने सत्तारूढ़ वाईएसआर पार्टी पर राज्य के अन्य विपक्षी पार्टियों को परेशान करने का आरोप लगाया है।

सड़को पर प्रदर्शन कर रहे लोग
बता दें कि आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी और 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के विरोध में समर्थक सड़को पर उतर आए हैं। पार्टी का झंडा लेकर सड़को पर लोगों का प्रदर्शन जारी है। पूर्व सीएम के समर्थक सड़को पर टायर जलाने के साथ पथराव भी करते दिखे। बसों के सामने बैठकर यातायात भी बाधित कर रहे हैं। हालांकि, इस दौरान पुलिस भी समर्थकों को सड़कों से हटाने में लगी हुई है। इस दौरान समर्थक पुलिस से बहस करते हुए दिखे।

कौशल विकास निगम घोटाले में हुए गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू को कौशल विकास निगम से धन के दुरूपयोग से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ही पार्टी के समर्थकों ने राज्य के विभिन्न इलाकों में विरोध प्रदर्शन किए। उन्होंने सीएम जगन मोहन रेड्डी का पुतला भी जलाया।