हल्द्वानी-mbpg कॉलेज में शिक्षक के छेड़छाड़ के आरोप ने मचाया बवाल, परिसर में शिक्षक को दौड़ाया, पुलिस ने बचाया,फिर…….

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े डिग्री कॉलेज एमबीपीजी में सोमवार दोपहर अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। एक छात्रा द्वारा लगाए गए आरोप की खबर जैसे ही छात्र-छात्राओं तक पहुंची, कॉलेज परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। गुस्साए छात्रों ने एक प्राध्यापक को घेर लिया और फिर मारपीट शुरू हो गई।

ADVERTISEMENTS

बताया जा रहा है कि बीएससी की छात्रा ने 14 नवंबर को कॉलेज की पॉश कमेटी को लिखित में अपनी बात रखी थी। छात्रा का कहना है कि 3 नवंबर को विभाग में उसके साथ अनुचित व्यवहार हुआ। सोमवार को जब यह बात उसके सहपाठियों को पता चली, तो छात्र आक्रोशित हो गए।

दोपहर के समय छात्र नेताओं सहित बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज परिसर में जमा हो गए। उन्होंने प्राध्यापक से जवाब मांगना शुरू किया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और छात्रों ने प्राध्यापक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह प्राध्यापक को भीड़ से अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। कोतवाली के बाहर भी छात्रों ने नारेबाजी की।

कोतवाली में छात्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराने से मना कर दिया। छात्रा को आशंका थी कि मुकदमा दर्ज होने से उसकी आगामी प्रायोगिक परीक्षा पर असर पड़ सकता है। काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्राध्यापक ने लिखित में माफी मांगी। प्राध्यापक का कहना है कि उनका इरादा गलत नहीं था, यह गलतफहमी का मामला है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, छात्रा की ओर से अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। छात्रा की काउंसलिंग कराई गई है। मौखिक शिकायत के आधार पर एक महिला दरोगा मामले की जांच कर रही हैं।

वहीं, कॉलेज प्रशासन ने भी इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। प्रभारी प्राचार्य ने पॉश कमेटी और अन्य शिक्षकों के साथ बैठक की। प्राचार्य का कहना है कि छात्रा की लिखित शिकायत पॉश कमेटी को मिली है और कमेटी जांच में जुटी है। कमेटी जल्द अपनी रिपोर्ट देगी।

प्राचार्य ने यह भी कहा कि कुछ अराजक तत्वों ने शिक्षक के साथ मारपीट की है। वे तत्व कॉलेज के छात्र हैं या बाहर के लोग, इसकी भी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के हिसाब से आगे की कार्रवाई होगी।

फिलहाल कॉलेज में शांति है, लेकिन इस घटना ने कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा और शिकायत निपटान की व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

ADVERTISEMENTS