मेरा मूड खराब कर दिया… हनीमून पर दुल्हन को पीरियड्स आए, तो पति ने क्रूरता की हद पार कर दी
Gorakhpur Husband Wife Dispute: आरोप है कि पीरियड्स की बात सुनकर पति ने पत्नी को लात-घूंसों से पीटा और गला दबाने की कोशिश की. घर से भी निकाल दिया. पीड़िता के परिवार ने गोरखपुर SSP से शिकायत की, जिसके बाद FIR दर्ज हुई.
दिल्ली में अपने ससुराल से एक नई-नवेली दुल्हन अपने पति के साथ हनीमून मनाने अंडमान और निकोबार पहुंची. वहां उसे पीरियड्स हुए, तो उसका पति नाराज हो गया. आरोप है कि गुस्से में आकर उसने पत्नी को थप्पड़ मारा और लात-घूंसों से पीटा. रिपोर्ट के मुताबिक, पति ने कहा, “जब (पीरियड्स का) पता था, तो हनीमून पर क्यों आई. तेरे साथ नहीं रहना है. तूने मेरा मूड खराब कर दिया.” आरोप है कि पति ने पत्नी का गला भी दबाया. पति ने ससुर को कॉल करके धमकी दी कि अपनी बेटी को आकर ले जाओ. चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पीड़िता की जान बचाई.
आरोप है कि मारने-पीटने के बाद शादी से मात्र 45 दिन के अंदर ही युवती को घर से बाहर निकाल दिया गया. पीड़िता उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली है. युवती के परिवार ने पहले समझौता करने की कोशिश की. फिर थाने के चक्कर लगाए, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ. मजबूरन, परिजनों ने पीड़िता को साथ लेकर गोरखपुर के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) डॉक्टर कौस्तुभ से मुलाकात की.पुलिस ने क्या बताया?
इंडिया टुडे से जुड़े गजेंद्र त्रिपाठी की रिपोर्ट के मुताबिक, SSP के निर्देश पर रामगढ़ताल थाने में 15 अगस्त को FIR दर्ज की गई. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. रामगढ़ताल थाना प्रभारी श्यामा नंद राय ने बताया,
“युवती की तहरीर पर पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. मामले की जांच दरोगा सुनील कुमार यादव को सौंपी गई है. जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.”
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दी तहरीर में युवती ने लिखा कि उसकी शादी दिल्ली निवासी निखिल मिश्रा से 30 मई 2023 को हुई थी. युवती ने शिकायत में आगे बताया कि ससुराल पक्ष की मर्जी के मुताबिक शादी का कार्यक्रम दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र के पटपड़गंज स्थित एक मैरिज लॉन में हुआ. गोरखपुर से उसके परिवार और रिश्तेदार शादी में शामिल होने गए.
शादी से पहले 30 अप्रैल 2023 को गोरखपुर के एक मैरिज हॉल में गोदभराई का कार्यक्रम हुआ था. इसमें पति समेत ससुराल पक्ष के लोग दिल्ली से आए थे. आरोप है कि इस दौरान ससुराल वालों ने कहा कि जो भी सामान दिया जाए, वह ब्रांडेड होना चाहिए.
तहरीर में बताया गया कि युवती के पिता ने 20 लाख रुपये नकद और एक हुंडई वेन्यू कार समेत करीब 40 लाख रुपये का दहेज दिया. युवती ने बताया कि 2 जून 2023 को वह विदा होकर ससुराल पहुंची. दहेज का सामान देखकर ससुराल वालों ने उसे बेइज्जत किया.
पीड़िता के मुताबिक, ससुराल वालों ने कहा कि ब्रांडेड सामान भी नहीं दे सके. इसके करीब एक महीने बाद 4 जुलाई 2023 को वह पति के साथ अंडमान-निकोबार हनीमून मनाने गई. युवती ने बताया कि वहां पीरियड्स के दौरान उसके पेट में तेज दर्द हुआ और काफी खून निकलने लगा. वह दर्द से रोने लगी.
युवती का आरोप है कि यह देखकर पति नाराज हो गया. पीड़िता के मुताबिक, पति ने कहा, “तुम्हें ये सब पहले बताना चाहिए था. तुमने मेरा मूड खराब कर दिया.” इसके बाद पति ने कथित तौर पर उसे लात-घूंसों से पीटा, थप्पड़ मारे और गला दबाने की कोशिश की. चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारी कमरे के बाहर पहुंच गए और दरवाजा पीटने लगे.
युवती के मुताबिक, कर्मचारियों के पहुंचने पर पति डर गया और उसे छोड़ दिया. इसके बाद पति ने उसके पिता को कॉल कर गाली-गलौज की और कहा कि अपनी बेटी को दिल्ली आकर ले जाओ. मैं इसके साथ नहीं रहूंगा. युवती किसी तरह दिल्ली स्थित ससुराल पहुंची. वहां सास को पूरी घटना बताई.सास और ननद पर भी आरोप
आरोप है कि सास और ननद ने भी पति का साथ दिया और उसे प्रताड़ित करने लगीं. युवती के मुताबिक, शादी के 45 दिन बाद 14 जुलाई 2023 को उसे ससुराल से निकाल दिया गया. उसके पिता भी वहां पहुंचे और उन्होंने ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी बेइज्जत करके घर से निकाल दिया गया.
युवती का आरोप है कि घर से निकाले जाने के बाद भी ससुराल वालों ने उसका दहेज का सामान वापस नहीं किया. पति व्हाट्सऐप पर मैसेज के जरिए आए दिन उसे जान से मारने की धमकी देता है. मामला तीन साल पुराना है, जिसकी जांच अब पुलिस कर रही है.
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


