IMD का अलर्ट: 19 राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, 85 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें

देश के कई हिस्सों में 21 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है. दिल्ली-NCR में हल्की बारिश के बीच तापमान में 5-6 डिग्री की गिरावट आई है. वहीं, 17 अगस्त को उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में बेहद भारी बारिश का अलर्ट है. हिमालयी राज्यों, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार हैं.

Delhi-NCR Weather

मौसम विभाग (IMD) ने 21 अगस्त तक देश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान जताया है. इस दौरान कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 19 राज्यों – यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, गुजरात और महाराष्ट्र – में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. साथ ही, कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की भी संभावना है.

आईएमडी ने 17 अगस्त को दिल्ली-NCR में बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. बारिश की संभावना खासकर सुबह जल्दी और शाम या रात के समय है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हल्की बारिश के बीच दिल्ली-NCR में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 5-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

वहीं, 17 अगस्त को उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बेहद भारी बारिश की आशंका को देखते हुए विशेष अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्व झारखंड और आसपास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र पूर्वी भारत में बारिश की गतिविधियों की प्रमुख वजह है. इसके प्रभाव से अगले चार दिनों के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर ओडिशा और झारखंड में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 17 अगस्त को उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है.

हिमालय से मध्य भारत तक बारिश का असर

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 17 से 21 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और उत्तराखंड में कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है. देश के कई हिस्सों में पहले ही भारी बारिश दर्ज की जा चुकी है.

मछुआरों को समुद्री में नहीं उतरने की सलाह

तेज हवाओं और समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए आईएमडी ने मछुआरों को तट से दूर समुद्री गतिविधियों को नियंत्रित करने की सलाह दी है. यह चेतावनी अरब सागर में सोमालिया, ओमान और गुजरात तट के आसपास और उनसे दूर के समुद्री क्षेत्रों के लिए जारी की गई है. इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बांग्लादेश और उत्तर आंध्र प्रदेश तट के आसपास भी खराब समुद्री परिस्थितियों की आशंका है. प्रभावित क्षेत्रों में समुद्री गतिविधियों पर प्रतिबंध 19-20 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है.

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण संवेदनशील इलाकों में स्थानीय स्तर पर कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं. छोटे पेड़ उखड़ने, बागवानी फसलों और कच्चे ढांचों को नुकसान पहुंचने के साथ कुछ इलाकों में भूस्खलन या कीचड़ धंसने की घटनाएं हो सकती हैं. निचले शहरी इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है.

खराब मौसम का असर सड़क, रेल और हवाई सेवाओं पर पड़ सकता है. हेलिकॉप्टर संचालन भी प्रभावित होने की आशंका है. आईएमडी ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से मौसम संबंधी अलर्ट पर नजर रखने और गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है. बिजली गिरने की स्थिति में संवेदनशील बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने की सलाह भी दी गई है.

ADVERTISEMENTS