पूर्व कैबिनेट मंत्री और BJP विधायक का 73 वर्ष की उम्र में निधन, पार्टी में शोक की लहर
मोहित यादव ने पोस्ट में कहा, “मुझे गहरे दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे पूज्य पिता डॉ. जसवंत यादव जी, बहरोड़ के वर्तमान विधायक, राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और अलवर के पूर्व सांसद, अब हमारे बीच नहीं रहे।”
जयपुर: राजस्थान के बहरोड़ से भाजपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री जसवंत यादव का कैंसर से लंबे समय तक जूझने के बाद रविवार सुबह जयपुर में निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। उनके बेटे मोहित यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उनके पिता ने सुबह 8.15 बजे अंतिम सांस ली।
मोहित यादव ने पोस्ट में कहा, “मुझे गहरे दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि मेरे पूज्य पिता डॉ. जसवंत यादव जी, बहरोड़ के वर्तमान विधायक, राजस्थान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और अलवर के पूर्व सांसद, अब हमारे बीच नहीं रहे।” उन्होंने अपने पिता को महान आत्मा बताते हुए कहा कि उनका स्नेह, सादगी और समाज के प्रति समर्पण लोगों की स्मृतियों में हमेशा बना रहेगा। जसवंत यादव चार बार विधायक रहे और उन्होंने लोकसभा में अलवर का प्रतिनिधित्व किया। वह 2016 से 2018 तक वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार में मंत्री रहे। उन्होंने 1998 में मुंडावर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।
बहरोड़ सीट से थे वर्तमान BJP विधायक
वर्ष 1999 में वह अलवर से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उनके निधन के बाद राजस्थान विधानसभा में सदस्यों की संख्या घटकर 199 रह गई है। बहरोड़ विधानसभा सीट पर छह महीने के भीतर उपचुनाव होने की संभावना है। परिवार के अनुसार, रविवार शाम चार बजे के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए अलवर स्थित जसवंत नगर में उनके आवास पर रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को अपराह्न तीन बजे खैरथल-तिजारा जिले के उनके पैतृक गांव सिलपटा में किया जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


