शादी में इस वजह से हुई हत्या, 12 से ज्यादा बाराती जख्मी, बिना दुल्हन लौटी बारात

ख़बर शेयर करें

उत्तर प्रदेश के आगरा में शादी में रसगुल्ला को लेकर हंगामा हो गया। विवाद में जमकर चाकूबाजी हुई। इसमें एक बाराती की मौत हाे गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हैं। घटना गत देर रात एत्मादपुर की है। घटना के बाद बारात बिना दुल्हन वापस लौट गई। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। तनाव को देखते हुए एत्मादपुर में फोर्स तैनात कर दी गई है।

Ad
Ad

दो भाइयों की दो बहनों से होनी थी शादी
आगरा के खंदौली के रहने वाले व्यापारी वाकर के दो बेटे जावेद और राशिद की शादी एत्मादपुर में रहने वाले उस्मान की बेटियों जैनब और साजिया के साथ तय हुई थी। दोनों की शादी बुधवार को एत्मादपुर के मैरेज हाउस विनायक भवन में होनी थी।

तय समय पर बारात भी पहुंच गई। बताया जा रहा है कि बारात को नाश्ते में रसगुल्ले दिए जा रहे थे। एक बाराती ने एक से ज्यादा रसगुल्ले मांगे। इस दौरान काउंटर पर खड़े युवक ने मना कर दिया। दोनों में विवाद होने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रसगुल्लों के लिए चाकू निकल आए। इसी चाकूबाजी में बारात में आया 20 वर्षीय सनी गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आधी बारात खाना खाकर वापस जा चुकी थी

मृतक सनी के चाचा इमरान ने बताया कि समय से हम बारात लेकर विनायक भवन पहुंच गए थे। दुल्हन पक्ष के लोग भी वहां बारात का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। बारात पहुंचते ही खाना शुरू करा दिया गया। तकरीबन एक से डेढ़ घंटे के भीतर आधी बारात खाना खाकर अपने घरों को वापस जा चुकी थी। चूंकि लोकल का मामला था तो सभी घर जाना चाहते थे। निकाह के लिए कुछ खास रिश्तेदार और दूल्हे के दोस्त ही रुके थे।

इधर निकाह की तैयारियां चल रही थीं। उधर घर और मोहल्ले के कुछ लड़के खाना खाने बैठे। खाना खाने के बाद रसगुल्ले आए तो सबने उठाकर खा लिए। जो लोग खाना खिला रहे थे उनसे दोबारा रसगुल्लों की मांग की गई। वहीं पर बात बिगड़ गई। कुछ इधर से कुछ उधर से कहा गया। कहासुनी के बाद मामला हाथ से निकल गया। चाकू निकल आए। कांटे चले और कुर्सियां फेंक फेंक कर मारी जाने लगीं।

महिलाओं और बुजुर्गों ने रोकने की कोशिश की लेकिन कोई माना नहीं। देखते ही देखते शादी का माहौल मातम में बदल गया। जख्मी लोगों को अस्पताल ले जाया गया। वहीं सनी की मौत हो गई। अब हम दूसरे पक्ष के खिलाफ FIR करवा रहे हैं। ​​

उपद्रव में महिलाओं से भी अभद्रता
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के मुताबिक, शादी में हुए बवाल में खंदौली के रहने वाले शाहरुख, निजाम, शकील, जानू, रहमान, रामिया, सहित करीब 12 से ज्यादा लोग घायल हैं। इनका इलाज कराया जा रहा है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस फोर्स लगा दी गई। वहीं मृतक सनी के चाचा काले ने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की है। साथ ही उनके गहने लूट ले गए हैं।

दुल्हन के बिना ही वापस लौटी बारात, नहीं हुआ निकाह
एत्मादपुर बारात में हुए बवाल के बाद दूल्हा पक्ष नाराज हो गया। मान मनोव्वल के बाद भी वह नहीं माना। ऐसे में दूल्हा पक्ष बिना निकाह किए ही वापस लौट आया। इस घटना के बाद से ही दुल्हन के परिजनों में मातम छाया है, जबकि मृतक सनी के परिवार वालों ने तहरीर दे दी है। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मामले की जांच की जा रही है-SP ग्रामीण

SP ग्रामीण सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक रसगुल्ले को लेकर शादी में बवाल हुआ है। जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं बताया जा रहा है कि मामला दर्ज होने के बाद दुल्हन का पूरा परिवार फरार हो गया है।