महंगाई की मार… कॉमर्शियल सिलेंडर 11.50, दूध 9 रुपए तक महंगा… बिना ई-केवाईसी अटकेगी एलपीजी सब्सिडी
आज यानी 1 सितंबर से कॉमर्शियल सिलेंडर औसतन 11.50 रुपए महंगा हो गया है। वहीं, मुंबई में दूध 9 रुपए प्रति किलो तक महंगा हो गया है। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं ने एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, उन्हें सब्सिडी का फायदा लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
देश में टाटा-हुंडई की कारों की कीमतें 25 हजार तक बढ़ीं
14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं
नई दिल्ली।
आज यानी 1 सितंबर से कॉमर्शियल सिलेंडर औसतन 11.50 रुपए महंगा हो गया है। वहीं, मुंबई में दूध 9 रुपए प्रति किलो तक महंगा हो गया है। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं ने एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी पूरी नहीं की है, उन्हें सब्सिडी का फायदा लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर औसतन 11.50 रुपए तक महंगा कर दिया है। कोलकाता में इसकी कीमत 2884 रुपए हो गई है। पहले ये 2872.50 में मिल रहा था। इसके अलावा 5 किलो वाले एलपीजी का दाम भी 2 रुपए बढ़ गया है। अब इसे रिफिल कराने के लिए 764 रुपए देने होंगे। हालांकि राहत की बात यह है कि 14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मुंबई में दूध 9 रुपए प्रति लीटर महंगा
बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने 1 सितंबर से थोक दूध की कीमतों में 9 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इससे थोक दर 93 रुपए से बढ़कर 102 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जो 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। वहीं एविंस दूध के खरीद मूल्य में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। यह दर 41 रुपए से बढ़कर 44 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
अटक जाएगी एलपीजी की सब्सिडी
एलपीजी सब्सिडी का फायदा जारी रखने के लिए ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख 31 अगस्त-2026 थी। तेल कंपनियों ने सभी घरेलू एलपीजी ग्राहकों से इस काम को पूरा करने को कहा था। तारीख बीत जाने के बाद बायोमेट्रिक पहचान न कराने वाले ग्राहकों की सब्सिडी रुक जाएगी। जिन लोगों ने अभी तक यह काम नहीं कराया है, उन्हें किसी भी असुविधा से बचने के लिए जल्द से जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करना चाहिए।
अब बोर्डिंग पास पर स्टैम्प की जरूरत नहीं
भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए 1 सितंबर से इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने का नियम खत्म कर दिया गया है। अब प्रोसेस डिजिटल हो गई है। अब यात्री इमिग्रेशन के समय अपने फोन में ई-बोर्डिंग पास दिखा सकते हैं। हालांकि, सही पासपोर्ट, वीजा और सुरक्षा जांच से जुड़े बाकी सभी नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे।
महंगी होंगी टाटा और हुंडई की कारें
टाटा मोटर्स ने आज से अपनी गाड़ियों के सभी मॉडल्स और वैरिएंट्स को 25,000 रुपए तक महंगा कर दिया है। हुंडई मोटर इंडिया ने भी कीमतों में 1 प्रतिशत तक का इजाफा किया है। कच्चे माल के बढ़ते दाम, परिचालन लागत और महंगाई के दबाव को कम करने के लिए कंपनियों ने यह फैसला लिया है।
मुंबई में सीएनजी और घरेलू पीएनजी महंगी
महानगर गैस लिमिटेड ने मुंबई में सीएनजी और घरेलू पीएनजी की कीमतें बढ़ा दी हैं। मुंबई में सीएनजी की कीमत 2 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 88 रुपए कर दी है, जबकि घरेलू पीएनजी की कीमत में 1 रुपए प्रति एससीएम की बढ़ोतरी की गई है।
हवाई फ्यूल के भी दाम बढ़े
इधर, घरेलू एयरलाइंस के लिए हवाई फ्यूल की कीमतों में 5.46 फीसदी या 6.28 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। कीमत 115 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 121.28 रुपए प्रति लीटर कर दी गई है, जो लगातार दूसरे महीने हुई बढ़ोतरी है। इससे आने वाले दिनों में हवाई यात्रा करना महंगा हो जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



डम्पर और कार की टक्कर से भाई बहन की मौत,2 अन्य घायल
दुःखद – अल्मोड़ा के इस गांव में बारिश से मकान ढहने से 3 की मौत