हल्द्वानी: कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने काफिला रोककर सड़क दुर्घटना में घायलों को पहुंचाया अस्पताल, (देखे वीडियो)

ख़बर शेयर करें

ऊधम सिंह नगर: कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत अपनी कड़क प्रशासनिक कार्यवाही के लिए अक्सर जाने जाते हैं, लेकिन इस बार वे अपनी संवेदनशीलता और मानवता के कारण चर्चा में हैं। सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए उन्होंने अपना काफिला रोककर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना ऊधम सिंह नगर जिले के बरहैनी क्षेत्र की है। देर शाम कुमाऊँ कमिश्नर का काफिला नैनीताल रोड से गुजर रहा था, तभी सड़क पर भीड़ दिखाई दी। मौके पर एक सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल पड़े थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दीपक रावत ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और घायलों को अपने काफिले के वाहन से अस्पताल भिजवाया। उनकी तत्परता से तीनों घायलों की जान बच सकी।

Video- https://youtube.com/shorts/ju0QIrVOAjo?si=t2B8dGOnDDonTDev
बताया जा रहा है कि नैनीताल स्टेट हाईवे पर उधम सिंह नगर के बरहैनी के पास पिछले कुछ दिनों से लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। देर शाम बाइक सवार दंपत्ति अपने घर जा रहे थे, तभी सड़क किनारे खड़ी एक कार से अचानक एक व्यक्ति सड़क पर आ गया। इसी दौरान बाइक से टक्कर हो गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उसी समय वहां से गुजर रहे कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस बार कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत अपनी प्रशासनिक सख्ती नहीं, बल्कि इंसानी जिंदगी बचाने की पहल के कारण चर्चा में हैं।