हल्द्वानी- अखिलेश यादव को लेडी इन्फ्लुएंसर ने बताया उत्तराखंड का जमाईः बोलीं- ससुराल वालों से माफी मांग लो; हमारी बेटी से कुछ गड़बड़ हो गई क्या

हल्द्वानी की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ज्योति अधिकारी ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने वाले अखिलेश यादव के बयान पर तंज कसा है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर अखिलेश यादव को उत्तराखंड का ‘जवाई’ (दामाद) बताते हुए कहा कि वे अपने जवाई को समझाकर ससुराल वालों से माफी मंगवा लेंगी।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अखिलेश यादव को थोड़ा छल लग गया है, वे एक-दो दिन में ठीक हो जाएंगे। हालांकि, जब तक वे अपने बयान पर माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध जारी रहेगा।
दरअसल, पांच दिन पहले अखिलेश यादव ने बयान दिया था कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा घुसपैठिए उत्तराखंड के हैं। उनके इस बयान के बाद उत्तराखंड में विरोध हो रहा है। ज्योति अधिकारी ने कुमाऊंनी और हिंदी में वीडियो जारी कर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। ज्योति अधिकारी ने यूपी में अपने रिश्तेदारों के नामकरण के इनविटेशन पर यह बात कही है।
आपको बताते चलें कि अखिलेश यादव की पत्नी खुद उत्तराखंड से हैं। उनका परिवार पहले पौड़ी में रहता था, लेकिन बाद में देहरादून के जोगीवाला शिफ्ट हो गया था।
बोलीं- हमारे जवाई हैं अखिलेश, हम संभाल लेंगे
ज्योति अधिकारी ने कुमाऊंनी अंदाज में कहा, “यह जो अखिलेश जी हैं, ये हमारे जवाई हैं। हमारी चेली (बेटी) से कुछ गड़बड़ हो गई है। अब जवाई को हम अपने पास बुलाकर अच्छी तरह समझा देंगे।” उन्होंने हंसते हुए अखिलेश यादव से उत्तराखंड के लोगों से माफी मांगने को भी कहा। वीडियो में उनके साथ मौजूद अन्य लोग भी मजाकिया अंदाज में बातचीत करते नजर आए।
कहा- राजनीतिक फायदे के लिए मुद्दे उठाता है विपक्ष
ज्योति अधिकारी ने उत्तराखंड के विपक्षी दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर सड़कों पर उतरने और पुतले फूंकने वाले नेताओं की भावनाएं आज आहत क्यों नहीं हो रही हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष उन्हीं मुद्दों को उठाता है, जिनसे उसे राजनीतिक फायदा मिलने की उम्मीद होती है।
उन्होंने कहा कि जब उत्तराखंड और पहाड़ के मान-सम्मान की बात आती है, तब भी विपक्षी नेताओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के बयान पर उत्तराखंड सरकार और जनता जवाब दे रही है। जब तक वे माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध जारी रहेगा।
बलिदानों और वीर जवानों की भूमि है
उत्तराखंड
ज्योति अधिकारी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ बलिदानों और वीर जवानों की भूमि भी है। यहां के सैनिकों ने देश के लिए जो योगदान दिया है, उससे पूरा देश परिचित है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताना प्रदेश के सम्मान से जुड़ा मुद्दा है और जनता इसका जवाब देगी।
वीडियो में ज्योति अधिकारी ने उत्तराखंड को योगियों की भूमि बताते हुए भी अखिलेश यादव पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी एक और ‘योगी जी’ का जन्म हुआ है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर घुसपैठियों को रोकने की बात कही। इस दौरान उन्होंने अपने ‘भौ’ का नाम भी योगी जी के नाम पर रखने की बात कही।
गंगा स्नान और जागेश्वर धाम का किया जिक्र
वीडियो में मौजूद एक पुरुष ने कविता के जरिए उत्तराखंड की धार्मिक और प्राकृतिक विशेषताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाले लोग गंगा में स्नान करते हैं और जागेश्वर धाम में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर उनकी कृपा प्राप्त करते हैं। उन्होंने प्रदेश की नदियों, झरनों और प्राकृतिक सुंदरता का वर्णन करते हुए लोगों से उत्तराखंड आकर यहां के शांत वातावरण का अनुभव करने की अपील की। अंत में ज्योति अधिकारी ने लोगों से घुसपैठियों से दूर रहने की बात कही।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


