हल्द्वानी -गौला नदी में 17 वर्षीय आदित्य हुआ हादसे का शिकार, पड़े खबर

हल्द्वानी के भुजियाघाट क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। गौला नदी में नहाने गया 17 वर्षीय एक किशोर अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
दोस्तों के साथ नहाने गया था आदित्य
मिली जानकारी के मुताबिक, रामपुर रोड स्थित टीपी नगर निवासी अशोक कुमार टम्टा का 17 वर्षीय बेटा आदित्य टम्टा अपने कुछ दोस्तों के साथ भुजियाघाट के पास गौला नदी में नहाने गया हुआ था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह खुद को संभाल पाता, उससे पहले ही नदी के उफान और तेज जलप्रवाह में बह गया।
पुलिस और SDRF चला रही हैं सर्च ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। कोतवाल इंस्पेक्टर जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें गौला नदी के आसपास के संभावित स्थानों पर किशोर की लगातार तलाश कर रही हैं।
आदित्य के नदी में बहने की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। किशोर के अचानक गायब होने से पूरे परिवार और क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है।
प्रशासन की अपील के बाद भी जान जोखिम में डाल रहे लोग
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते गौला नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों को नदी-नालों में न नहाने और उनके किनारों पर न जाने की सख्त हिदायत दी जा रही है। इसके बावजूद लोग चेतावनियों को अनदेखा कर अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में उतर रहे हैं, जिससे इस तरह के हादसे हो रहे हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


