हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में खुलासाः 5 नामी ब्रांड्स के दूध के सेंपल फेल

हल्द्वानी-
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हल्द्वानी में विभिन्न नामी कंपनियों के दूध के 5 नमूने जांच में अधोमानक (सब-स्टैंडर्ड) पाए गए हैं।
सहायक आयुक्त एएस रावत के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह ने 5 अगस्त 2026 को हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के वितरकों से दूध के सैंपल एकत्र कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे थे। प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में मदर डेयरी, परम, मधुसूदन और हेल्थवेज जैसी प्रमुख कंपनियों के दूध निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
किस ब्रांड में कितनी पाई गई कमी?
परम स्टैंडर्ड मिल्कः तय मानक 4.5% फैट के मुकाबले महज 3.75% मिल्क फैट पाया गया।
मधुसूदन काऊ मिल्क: 3.2% फैट के मुकाबले 3.11% और 8.3% SNF के मुकाबले 8.0% दर्ज हुआ।
हेल्थवेज स्टैंडर्ड मिल्कः 4.5% फैट के स्थान पर 4.27% और 8.5% SNF के स्थान पर 7.21% मिला।
खुला मिश्रित दूध (गाय-भैंस): 4.5% के मुकाबले 2.96% फैट और 8.5% के मुकाबले 6.59% SNF पाया गया।
मदर डेयरी काऊ मिल्कः तय मानक 3.2% फैट के मुकाबले महज 3.04% मिल्क फैट मिला।
केमिकल या न्यूट्रलाइजर नहीं मिला
जांच रिपोर्ट में एक राहत की बात यह सामने आई कि सभी नमूनों में यूरिया, स्टार्च, नमक, न्यूट्रलाइजर, शुगर और कृत्रिम सिंथेटिक रंग की मौजूदगी निगेटिव पाई गई है। यानी दूध में जहरीले रसायनों की मिलावट तो नहीं थी, लेकिन फैट और SNF (सॉलिड नॉट फैट) की मात्रा कम होने के कारण इन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अधोमानक घोषित किया गया है।
कंपनियों पर विधिक कार्रवाई शुरू, जारी रहेगा अभियान
नमूने अधोमानक मिलने के बाद विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारियों और कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय सिंह ने स्पष्ट किया कि शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। इसके साथ ही विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे खान-पान की चीजों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना तुरंत विभाग को दें।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


