दस साल से एक बार भी नहीं कटवाए बाल… काली जुल्फों ने हल्द्वानी की रेनू को बनाया दुनिया की रिकॉर्ड होल्डर, लंबाई जानकर रह जाएंगे हैरान
हल्द्वानी की रेनू धारियाल ने अपने बालों को लेकर ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। करीब 10 साल से बाल नहीं कटवाने वाली रेनू की जुल्फों की लंबाई अब 8 फीट 10 इंच तक पहुंच चुकी है। Guinness World Record में उनका नाम दर्ज हो गया है।
हल्द्वानी: लंबे और घने बाल भारतीय संस्कृति में महिलाओं की खूबसूरती से जोड़कर देखे जाते हैं। इसी परंपरा और अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली रेनू धारियाल ने नया मुकाम हासिल किया है। रेनू ने करीब 9 फीट यानी 271.5 सेंटीमीटर लंबे बाल कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
एक दशक से कर रही बालों की देखभाल
हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र की रहने वाली रेनू ने वर्ष 2015 से अपने बाल नहीं कटवाए हैं। करीब एक दशक तक बालों की देखभाल और धैर्य के बाद उनके बाल इतनी लंबाई तक पहुंच गए। 15 अप्रैल 2026 को उनके बालों की लंबाई का सत्यापन किया गया था। इसके बाद 7 अगस्त 2026 को उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।
रेनू ने यूक्रेन की आलिया नासिरोवा का रिकॉर्ड तोड़ा है। आलिया के बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर दर्ज की गई थी, जबकि रेनू के बाल 271.5 सेंटीमीटर लंबे हैं।
भारतीय संस्कृति से मिली प्रेरणा
रेनू का कहना है कि बाल बढ़ाने का फैसला उन्होंने सिर्फ रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं लिया था। उन्होंने भारतीय संस्कृति से प्रेरणा लेकर लंबे बाल रखने का संकल्प लिया था। भारतीय परंपरा में बालों को महिलाओं की सुंदरता और पहचान से जोड़कर देखा जाता है और इसी सोच ने उन्हें अपने लक्ष्य पर कायम रहने की प्रेरणा दी।
बालों की देखभाल के लिए रेनू ने केमिकल वाले प्रोडक्ट्स से दूरी बनाई। वह घर पर तैयार किए गए हर्बल तेल और शैंपू का इस्तेमाल करती हैं। उनका मानना है कि लंबे और घने बालों के लिए धैर्य के साथ नियमित देखभाल जरूरी है।
यूट्यूब पर भी शेयर करती हैं अनुभव
रेनू कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर भी हैं। सोशल मीडिया के जरिए वह अपने लंबे बालों की देखभाल से जुड़े अनुभव साझा करती रहती हैं। उनका कहना है कि इतने लंबे बालों को संभालना आसान नहीं है। बालों को सुलझाने और उनकी देखभाल में कई घंटे तक लग जाते हैं।
करीब 10 साल की मेहनत के बाद रेनू धारियाल ने न सिर्फ अपने बालों को विश्व रिकॉर्ड की लंबाई तक पहुंचाया, बल्कि उत्तराखंड को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान दिलाई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



रानीबाग के जियारानी धाम को अतिक्रमण मुक्त की मांग को लेकर प्रदर्शन