लालकुआं रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में बिंदुखत्ता निवासी ड्राइवर का शव मिला

ख़बर शेयर करें

लालकुआं न्यूज़– रेलवे स्टेशन के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम लालकुआं रेलवे स्टेशन के किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को आनन-फानन में हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिंदुखत्ता क्षेत्र निवासी 43 वर्षीय सोहन गिरी गोस्वामी के रूप में हुई है। वह पेशे से स्कूल बस चालक थे। उनका शव रेलवे स्टेशन के किनारे मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, प्रारंभिक जांच में किसी स्पष्ट कारण का पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।