1911 में गायब हुई ट्रेन, 1845 में मिली! पागलों के अस्पताल में कैसे पहुंचे इस रेल के मुसाफिर? रोंगटे खड़े कर देगा ये सच

ख़बर शेयर करें

1911 में गायब हुई ट्रेन, 1845 में मिली! पागलों के अस्पताल में कैसे पहुंचे इस रेल के मुसाफिर? रोंगटे खड़े कर देगा ये सच

Italy Ghost Train: पिछले कुछ सालों से इंटरनेट पर एक कहानी खूब घूम रही है, जिसमें दावा किया जाता है कि 1911 में इटली की एक ट्रेन रोम से रवाना होकर सुरंग में घुसते ही गायब हो गई. कहा जाता है कि ट्रेन में 106 यात्री सवार थे और सुरंग में जाते ही वह रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई. कहानी के मुताबिक, यह ट्रेन ‘ज़ानेत्ती’ नाम की एक कंपनी की थी. जैसे ही ट्रेन लोम्बार्ड इलाके की एक सुरंग में दाखिल हुई, डिब्बों में सफेद धुंध भरने लगी. उसी वक्त दो यात्री डर के मारे कूद गए और बच गए, जबकि बाकी 104 यात्री हमेशा के लिए गायब हो गए.

क्या यह ट्रेन समय में यात्रा करती दिखी थी?

इस रहस्यमयी कहानी को और डरावना तब बना दिया गया, जब कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वही ट्रेन 1845 में मैक्सिको में देखी गई. कहा गया कि वहां 104 लोग अचानक प्रकट हुए, जो मानसिक रूप से अस्थिर थे और सभी ने एक जैसी कहानी सुनाई कि वे इटली से ट्रेन में सफर कर रहे थे. फैक्ट-चेक वेबसाइट Snopes के अनुसार, इस कहानी के कुछ वर्जन और भी अजीब हैं. कहा जाता है कि यह ट्रेन अलग-अलग समय और जगहों पर दिखाई दी, जैसे किसी मध्यकालीन मठ में या 1840 के दशक में मैक्सिको सिटी के एक मानसिक अस्पताल में. इससे यह दावा किया गया कि ट्रेन समय में खो गई थी.

कुछ ब्लॉग्स में यह तक लिखा गया कि ट्रेन में यूक्रेनी लेखक निकोलाई गोगोल की चोरी की गई खोपड़ी रखी हुई थी. हालांकि हकीकत में गोगोल की खोपड़ी चोरी होने की बात कभी साबित नहीं हुई. Snopes ने इसे पूरी तरह गलत बताया है.

तो फिर इस कहानी की सच्चाई क्या है?

Snopes के मुताबिक, यह पूरी कहानी एक अर्बन लीजेंड है. इसकी शुरुआत यूक्रेनी लेखक निकोलाई चेर्काशिन की एक काल्पनिक रचना से हुई थी. इंटरनेट पर मौजूद किसी भी दावे में न तो 106 यात्रियों के नाम हैं और न ही ‘जानेत्ती’ नाम की कोई इटैलियन ट्रेन कंपनी अस्तित्व में पाई गई. साधारण गूगल सर्च से ही साफ हो जाता है कि यह कहानी ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित नहीं है. 1911 की इटैलियन घोस्ट ट्रेन एक रोचक इंटरनेट मिथक जरूर है, लेकिन इसका सच से कोई लेना-देना नहीं. टाइम ट्रैवल करती ट्रेन का ख्याल भले ही रोमांचक लगे, लेकिन यह कहानी सिर्फ कल्पना की दुनिया तक ही सीमित है.