सुबह उठते ही कमर में अकड़न क्यों होती है महसूस? एक्सपर्ट ने बताए ये तरीके आएंगे आपके बहुत काम
सुबह की हल्की कमर अकड़न में धीरे-धीरे मूवमेंट, हल्की स्ट्रेचिंग और सही पोस्चर मददगार हो सकते हैं, लेकिन हर इंसान में इसके पीछे की वजह अलग हो सकती है. इसलिए लगातार लक्षणों में खुद से एक्सरसाइज या इलाज करने के बजाय एक्सपर्ट डॉक्टर शालिनी सिंह सालुंके की सलाह लेना बेहतर है.
सुबह बिस्तर से उठते ही कमर में खिंचाव महसूस होने लगती है. यह कई लोगों के लिए बहुत ही आम समस्या है. कई बार ऐसा लंबे समय तक एक ही पोजीशन में सोने, गलत स्लीपिंग पॉश्चर या दिनभर कम फिजिकल एक्टिविटी करने की वजह से हो सकता है. हालांकि, अगर कमर की अकड़न लगातार बनी रहती है या इसके साथ दर्द भी बढ़ रहा है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. कमर की मांसपेशियों को धीरे-धीरे एक्टिव करने और शरीर में मूवमेंट बढ़ाने से सुबह होने वाली नॉर्मल अकड़न में राहत मिल सकती है. इसलिए डॉक्टर शालिनी सिंह सालुंके का कहना है कि रात में सोने से पहले कुछ बातों पर ध्यान देने से यह समस्या काफी हद तक हल हो सकती है.
सुबह बिस्तर से धीरे-धीरे उठना
सुबह उठते ही अचानक झटके से खड़े होने के बजाय पहले करवट लें और धीरे-धीरे उठें. कुछ सेकंड बैठने के बाद खड़े होने से कमर पर अचानक पड़ने वाला दबाव कम किया जा सकता है. खासकर अगर उठते समय कमर में ज्यादा जकड़न महसूस होती है तो जल्दबाजी न करें. बेहतर होगा कि आप करवट लेकर उठने की कोशिश करें.
पेट के बल न सोएं
अगर सुबह उठते ही कमर में अकड़न महसूस होती है तो पेट के बल सोने से बचना बेहतर है. इस पोजीशन में गर्दन एक तरफ मुड़ी रहती है और कमर पर भी खिंचाव पड़ सकता है. इसके बजाय पीठ के बल या करवट लेकर सोने की कोशिश करें. करवट लेकर सोने से दर्द में काफी आराम मिल सकता है.
दोनों पैरों के बीच तकिया रखना
अगर आप करवट लेकर सोते हैं तो दोनों घुटनों के बीच एक तकिया रखने से कमर और कूल्हों की पोजीशन को बेहतर सपोर्ट मिल सकता है. इससे रीढ़ की हड्डी को ज्यादा मुड़ने से बचाने में मदद मिल सकती है और सुबह उठने पर कमर में होने वाली अकड़न या खिंचाव कम महसूस हो सकता है. हालांकि, तकिया अपने कंफर्ट के हिसाब से रखना बेहतर हो सकता है.
घुटनों के नीचे तकिया रखना
अगर आप पीठ के बल सोते हैं तो घुटनों के नीचे एक तकिया रखने से कमर पर पड़ने वाला दबाव कम करने में मदद मिल सकती है. इससे घुटने हल्के मुड़े रहते हैं और कमर को बेहतर सपोर्ट मिल सकता है. सुबह उठने पर कमर में होने वाली जकड़न या खिंचाव को कम करने के लिए यह तरीका आजमाया जा सकता है.
गद्दे पर भी ध्यान देना
अगर सुबह उठते ही कमर में अकड़न महसूस होती है तो अपने गद्दे के सपोर्ट पर भी ध्यान दें. बहुत ज्यादा धंसा हुआ गद्दा सोते समय शरीर को सही सपोर्ट नहीं दे पाता, जिससे सुबह कमर में जकड़न महसूस हो सकती है. ऐसा गद्दा चुनें जो न बहुत नरम हो और न ही जरूरत से ज्यादा सख्त, बल्कि शरीर को अच्छी तरह से सपोर्ट दे सके.
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


