2027 में इस राशि पर शुरू होगा शनि की साढ़े साती का प्रथम चरण, जानिए क्या बरतनी होगी सावधानी
वर्ष 2027 में शनि देव के मेष राशि में प्रवेश करते ही शुक्र के स्वामित्व वाली राशि पर शनि की साढ़े साती का पहला चरण शुरू हो जाएगा। ऐसे में इस राशि के जातकों को इस अवधि में अत्यधिक सतर्कता से काम लेने की आवश्यकता होगी।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जब भी शनि ग्रह अपनी राशि बदलता है तो इसका कुछ न कुछ प्रभाव सभी 12 राशियों के जीवन पर पड़ता है। शनि के राशि परिवर्तन से किसी राशि पर साढ़े साती का आरंभ होता है, तो किसी को इससे मुक्ति मिलती है। इसी क्रम में 3 जून 2027 को शनि देव मेष राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं। इस गोचर के साथ ही वृषभ राशि के जातकों पर शनि की साढ़े साती का प्रथम चरण शुरू हो जाएगा। चूंकि शनि और वृषभ राशि के स्वामी शुक्र के बीच मित्रता का भाव है इसलिए यह साढ़े साती इन जातकों को मिले-जुले परिणाम प्रदान करेगी। आइए विस्तार से जानते हैं कि 2027 में वृषभ राशि पर शनि की साढ़े साती का क्या प्रभाव पड़ेगा और इस दौरान आपको क्या सावधानियां बरतनी होगी।
वृषभ राशि पर साढ़े साती के प्रथम चरण का प्रभाव
शनि की साढ़े साती के कुल तीन चरण होते हैं और हर चरण की अवधि ढाई साल की होती है। साल 2027 में वृषभ राशि वालों पर इसका प्रथम चरण शुरू होने जा रहा है जबकि मेष वालों पर इसका दूसरा तो वहीं मीन वालों पर इसका तीसरा चरण शुरू होगा। आइए जानते हैं वृषभ राशि वालों पर साढ़े साती के प्रथम चरण का कैसा प्रभाव पड़ेगा:
- साढ़े साती के पहले चरण में अनावश्यक खर्च बढ़ेंगे जिससे आपका बजट बिगड़ सकता है।
- मेहनत के अनुरूप फल मिलने में समय लगेगा।
- नौकरीपेशा जातकों पर काम का दबाव काफी ज्यादा रहने वाला है।
- कोई भी बड़ा निवेश सोच समझकर करना होगा।
- इस अवधि में मानसिक तनाव काफी ज्यादा रहेगा। साथ ही स्वभाव में चिड़चिड़ापन आ सकता है।
- परिवार के सदस्यों के साथ किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा हो सकता है।
वृषभ राशि वाले इन चीजों का रखें विशेष ध्यान
- शनि साढ़े साती के दौरान जल्दबाजी में फैसले न लें।
- बिना सोचे-समझे संपत्ति खरीदने, निवेश करने या नौकरी बदलने से बचें।
- अपनी वाणी पर संयम रखें, जिससे किसी भी तरह के वाद-विवाद से बच पाएं।
- साढ़े साती के दौरान अपने काम में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
- किसी का अपमान न करें।
शनि देव को प्रसन्न करने के अचूक उपाय
- हर मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करें। कहते हैं हनुमान जी के भक्तों को शनि देव कभी परेशान नहीं करते।
- शनिवार के दिन किसी गरीब या जरूरतमंद को काले तिल, सरसों का तेल, काली उड़द या कंबल का दान करें।
- प्रत्येक शनिवार की शाम को पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जरूर जलाएं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


