9 गायों से 3 करोड़ का टर्नओवर, विदेशों में धूम मचा रहा रेणू का वैदिक घी; इतने रुपए है 1 किलो की कीमत
झज्जर (उत्तम हिन्दू न्यूज): अगर हौसले बुलंद हों तो विपरीत परिस्थितियां भी कामयाबी की राह नहीं रोक सकतीं। हरियाणा के झज्जर जिले के छोटे से गांव खरमान की रहने वाली रेणू सांगवान ने इस बात को सच कर दिखाया है। साल 2018 में पति के आकस्मिक निधन के बाद समाज के तानों को दरकिनार कर उन्होंने पशुपालन की बागडोर संभाली। आज उनका ‘गोकुल फार्म श्रीकृष्ण गोधाम’ 3 करोड़ रुपये से अधिक का सालाना टर्नओवर खड़ा कर रहा है और उनके फार्म का वैदिक घी विदेशों में ऊंचे दामों पर बिक रहा है।
9 गायों से सफर शुरू, पति के निधन के बाद बेटे संग संभाली कमान
रेणू सांगवान ने साल 2016-17 में अपने पति कृष्ण पहलवान के साथ मिलकर महज 9 देसी गायों से डेयरी फार्मिंग की शुरुआत की थी। सब कुछ ठीक चल रहा था कि 2018 में पति का अचानक साया उठ गया। उस मुश्किल घड़ी में लोगों ने तरह-तरह के ताने दिए, लेकिन रेणू ने हार नहीं मानी। उन्होंने खुद वेटरनरी का कोर्स किया, आधुनिक पशुपालन की बारीकियां सीखीं और अपने बेटे डॉ. विनय सांगवान के साथ मिलकर फार्म को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का फैसला किया।
280 से ज्यादा देसी गायें, रोज 800 लीटर दूध की सप्लाई
शुरुआती दौर में 9 गायों से शुरू हुए फार्म में आज 280 से अधिक बेहतरीन देसी नस्ल की गायें हैं, जिनमें साहीवाल, गिर, राठी, थारपारकर और हरियाणवी नस्ल शामिल हैं। फार्म से रोजाना 800 लीटर से ज्यादा शुद्ध दूध का उत्पादन होता है। इस दूध को कांच की बोतलों में पैक कर दिल्ली और गुरुग्राम के बाजारों में 120 रुपये प्रति लीटर के भाव से सप्लाई किया जाता है। स्वच्छता बनाए रखने के लिए फार्म में ऑटोमैटिक मिल्किंग मशीनें और आधुनिक संयंत्र लगाए गए हैं।
अमेरिका-जर्मनी तक ₹3,500 किलो बिकता है वैदिक बिलोना घी
फार्म में पारंपरिक बिलोना पद्धति से तैयार किए जाने वाले शुद्ध देसी घी की मांग भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त है। यह वैदिक घी 3,500 रुपये प्रति किलो के भाव से अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, ब्रिटेन और फिलीपींस जैसे कई देशों में भेजा जाता है। दूध और घी के अलावा पनीर, बर्फी और च्यवनप्राश जैसे उत्पाद तैयार कर फार्म ने 3 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार खड़ा कर दिया है। अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए रेणू सांगवान को केंद्र सरकार के ‘राष्ट्रीय गोपाल रत्न अवॉर्ड 2024’ और ‘मिलेनियर फार्मर्स ऑफ इंडिया’ सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


