हल्द्वानी MBPG कॉलेज छात्रसंघ चुनावः ABVP में बगावत ! सामूहिक इस्तीफे, लगे गंभीर आरोप

कुमाऊं क्षेत्र के सबसे अधिक छात्र संख्या वाले हल्द्वानी के महाविद्यालय मोती राम बाबू राम (MB PG) स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा अध्यक्ष पद के लिए धीरज बिष्ट को अधिकृत प्रत्याशी घोषित करते ही संगठन के भीतर बगावत का बिगुल बज गया है।
लंबे समय से एबीवीपी में सक्रिय और अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे आर्यन बेलवाल ने टिकट कटने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। आर्यन के इस कदम से कॉलेज का सियासी गणित पूरी तरह गड़बड़ा गया है।
एबीवीपी में सामूहिक इस्तीफे, लगे गंभीर आरोप
आर्यन बेलवाल के समर्थन में विद्यार्थी परिषद से जुड़े कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। बगावत कर रहे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ता की अनदेखी कर शहर के “आईटीआई गैंग” से जुड़े व्यक्ति को टिकट दिया गया है।
त्रिकोणीय मुकाबले में फंसा चुनाव
आर्यन बेलवाल के निर्दलीय मैदान में उतरने से एबीवीपी के पारंपरिक वोट बैंक में बड़ी सेंध लगना तय माना जा रहा है। इसका सीधा फायदा नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) को मिल सकता है। एनएसयूआई ने मेहुल साह को अपना प्रत्याशी बनाकर चुनावी मुकाबले को पूरी तरह त्रिकोणीय और दिलचस्प बना दिया है।
छात्र राजनीति का ‘शक्ति प्रदर्शन’
एमबी पीजी कॉलेज का चुनाव केवल एक पद की लड़ाई नहीं, बल्कि कुमाऊं की छात्र राजनीति में संगठनों की जमीनी पकड़ का शक्ति प्रदर्शन माना जाता है। एबीवीपी जहां अपने अधिकृत प्रत्याशी धीरज बिष्ट की जीत सुनिश्चित करने के लिए नई रणनीति बनाने में जुटी है, वहीं आर्यन बेलवाल का बागी तेवर संगठन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
नामांकन और प्रचार के अगले चरण में यह साफ होगा कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आर्यन कितना असर डाल पाते हैं, लेकिन फिलहाल इस चुनावी घमासान ने पूरे परिसर का माहौल गरमा दिया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


