नैनीताल में टिकट के दाम पर नाव चालक-पर्यटकों में मारपीट

नैनीताल के मॉल रोड इलाके में गत दिवस को नाव चालक और प्रयागराज से आए पर्यटकों के बीच टिकट के दाम को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से नैनीताल घूमने आए पर्यटकों ने मॉल रोड के पास बोट स्टैंड पर टिकट का दाम पूछा। इसी दौरान एक नाव चालक और पर्यटकों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई।
मारपीट के कारण लोअर मॉल रोड पर यातायात के बीच हड़कंप मच गया। नाव चालकों का आरोप है कि पर्यटकों ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें नाव चालक नदीम घायल हो गया। वहीं, पर्यटकों ने भी नाव चालकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने समय पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और तीन पर्यटकों को पकड़कर कोतवाली ले आई। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि नाव चालक को भी कोतवाली बुलाया गया है। उसके आने के बाद दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


