पड़ोसी की पत्नी से संबंध के चलते गई शख्स की जान, पहले गला काटा फिर सिर धड़ से अलग किया

ADVERTISEMENTS
Ad
ख़बर शेयर करें

असम के जोरहाट में पड़ोसी की पत्नी से कथित संबंध के विवाद में 31 वर्षीय अनिल राजगढ़ की हत्या कर सिर धड़ से अलग करने का आरोप है। पुलिस ने मामले में महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Jorhat Murder Case, Assam Crime News, Anil Rajgarh Murder- India TV Hindi
पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। Image Source : ANI

Highlights

  • जोरहाट में 31 वर्षीय युवक की कथित हत्या के बाद सिर धड़ से अलग किया गया।
  • पुलिस ने पड़ोसी की पत्नी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
  • आरोपी के घर से वारदात में इस्तेमाल दाव बरामद होने का पुलिस ने दावा किया।

जोरहाट: असम के जोरहाट जिले में 31 वर्षीय युवक की कथित तौर पर हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात पड़ोसी की पत्नी के साथ युवक के कथित संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान अनिल राजगढ़ के रूप में हुई है। वह जोरहाट के मरियानी इलाके में स्थित ग्रीनव्यू टी एस्टेट का रहने वाला था।

ADVERTISEMENTS

7 सितंबर को लापता हुआ था अनिल

पुलिस के अनुसार, अनिल 7 सितंबर को अचानक लापता हो गया था। इसके बाद उसके परिवार ने मरियानी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और 11 सितंबर को भोगदोई नदी के पास नदी किनारे के इलाके से अनिल का सड़ा-गला शव बरामद किया। मरियानी के CDSP त्रिनयन चामुआह ने ANI को बताया कि आरोप है कि पहले धारदार ब्लेड से अनिल का गला काटा गया और इसके बाद धारदार दाव (माचेते) से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया।

4 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में कपिल कर्मकार, उसकी पत्नी अनिमा कर्मकार, कपिल के छोटे भाई संजीत कर्मकार और उनके दोस्त महेश राजगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अनिल पिछले कुछ महीनों से अनिमा के संपर्क में था। आरोप है कि 7 सितंबर को अनिमा ने अनिल को चाय बागान इलाके में बुलाया। वहां उसका पति कपिल और तीन अन्य आरोपी कथित तौर पर पहले से मौजूद थे।

हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाया

पुलिस के अनुसार, अनिमा ने कथित तौर पर अनिल पर पहले ब्लेड से हमला किया। इसके बाद कपिल, संजीत और महेश भी कथित तौर पर हमले में शामिल हो गए। पुलिस का कहना है कि चारों ने मिलकर अनिल का सिर धड़ से अलग करके उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर शव को एक बोरे में रखा। इसके बाद उसे घसीटकर नदी किनारे ले जाया गया और वहां दफना दिया गया।

आरोपी के घर से बरामद हुआ हथियार

जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी के घर से वह दाओ बरामद किया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर वारदात में किया गया था। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में हत्या, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने या अपराध के सबूत गायब करने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।

पुलिस के सामने कबूल करने का दावा

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपराध में अपनी कथित भूमिका स्वीकार की है। हालांकि, मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। अनिल का शव बरामद होने के बाद उसका पोस्टमॉर्टम भी कराया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और सबूतों की जांच कर रही है। बता दें कि एक दिल दहलाने वाली खबर ओडिशा के देवगढ़ से भी आई थी जहां प्रेमिका के घर मिलने गए युवक की हत्या कर आंगन में ही शव को पेट्रोल से जला दिया गया था।

ADVERTISEMENTS