बड़ी खबर : एक और फर्जी शिक्षिका का भंडाफोड़, दूसरे के UTET रोल नंबर पर ले ली सरकारी नौकरी

ADVERTISEMENTS
Ad
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर। उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी पाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला बागेश्वर जिले के गरुड़ विकासखंड का है, जहां सत्यापन में एक शिक्षिका के दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं।

ADVERTISEMENTS

जानकारी के अनुसार राजकीय प्राथमिक विद्यालय ग्वाड़ी में कार्यरत शिक्षिका बबीता, जो फकीर राम की पुत्री हैं, उन्हें जनवरी 2026 में प्राथमिक शिक्षक के पद पर नियुक्ति मिली थी। नियुक्ति के बाद शिक्षा विभाग ने नियमों के तहत उनके सभी प्रमाणपत्रों को जांच के लिए उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर बोर्ड के पास भेजा था।

बोर्ड की ओर से जब उनके UTET प्रमाणपत्र की जांच की गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि बबीता द्वारा जमा किया गया UTET का अंकपत्र बोर्ड द्वारा जारी ही नहीं किया गया है। इस अंकपत्र पर जो अनुक्रमांक दर्ज है, वह रिकॉर्ड में किसी अन्य अभ्यर्थी के नाम पर दर्ज है। इससे साफ हो गया कि अंकपत्र कूटरचित तरीके से बनाया गया है।

इस मामले में प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा राम का कहना है कि बोर्ड से सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त हो गई है और रिपोर्ट में प्रमाणपत्र को फर्जी बताया गया है। उन्होंने कहा कि अब विभाग इस पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करेगा और शिक्षिका की सेवा समाप्त करने के साथ ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि प्रदेश भर में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी पाने का यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी 10 से अधिक ऐसे मामले सामने आ चुके हैं और यह 11वां मामला है, जिसके बाद एक बार फिर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं

ADVERTISEMENTS