हल्द्वानी में अब तक की सबसे बड़ी लूट: राधिका ज्वेलर्स से 1 करोड़ से ज्यादा का सोना-चांदी गायब, जांच में जुटी पुलिस

हल्द्वानी शहर में अब तक की सबसे बड़ी चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित राधिका ज्वेलर्स से 1 करोड़ रुपए से अधिक का सोना और चांदी चोरी होने की पुष्टि हुई है। चोरों ने न सिर्फ कीमती जेवरात पर हाथ साफ किया, बल्कि शोरूम में रखी नकदी भी ले उड़े।
हल्द्वानी में अब तक की सबसे बड़ी लूट
बताया जा रहा है चोरी इतनी सुनियोजित तरीके से की गई है कि प्रथम दृष्टया किसी बड़े और पेशेवर गैंग की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। चोरों ने शोरूम में मौजूद एक बड़ी तिजोरी को काटने का भी प्रयास किया, हालांकि वह पूरी तरह टूटने से बच गई। अगर तिजोरी टूट जाती, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
ज्वेलरी शोरूम के बगल में चल रहा था निर्माण कार्य
जानकारी के अनुसार, ज्वेलरी शोरूम के बगल में एक दुकान का निर्माण कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि उसी निर्माण स्थल का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। निर्माण कार्य की आड़ में शोरूम तक पहुंच बनाना चोरों के लिए आसान हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
बाहरी गैंग की संलिप्तता की जताई जा रही आशंका
मौके पर सीओ अमित कुमार सहित पुलिस की कई टीमें पहुंचीं और शोरूम व आसपास के क्षेत्र की गहन जांच-पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह चोरी सामान्य वारदात नहीं लगती और इसमें बाहरी गैंग की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
शनिवार को बंद रहती है दुकान
घटना शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। शनिवार को दुकान बंद रहती है। रविवार को जब दुकान खोली तो दुकान स्वामी को चोरी का अंदाजा हुआ। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में पाया गया है कि राधिका ज्वेलर्स की दुकान के बगल में काम करने वाले कारपेंटरों ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने छैनी और हथौड़ी से दीवार तोड़ी और गैस कटर मशीन से दुकान की तिजोरी भी काटने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए हैं। दुकान में 6 सीसीटीवी कैमरे व बाहर दो कैमरे लगे हैं। जिसकी डीवीआर भी चोरों ने पार कर दी है। शोकेस में रखे सोने-चांदी के आभूषण सब पार कर दिए हैं।
11 शोकेस में रखे सोने और चांदी का आभूषण गायब
राधिका ज्वेलर्स के स्वामी नवनीत शर्मा ने बताया कि दुकान में बने शोकेस में सोने व चांदी के आभूषण सभी गायब हैं। हालांकि वह अभी कितना सामान गायब हुआ है इसका अंदाजा नहीं लग पा रहे हैं। फिर भी उनका कहना है कि 25 किलो चांदी व 400 ग्राम सोना गायब हुआ है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



नारायण मनराल के आगे नही चली विरोधियों की निर्विरोध बने पनियाली के उप प्रधान
खनन एवं वन विभाग की जुगलबंदी से अस्तित्व में आएगा संजीवनी वन