उत्तराखंड का आतंकी कनेक्शन: हल्द्वानी जेल में बंद असलहा तस्कर, पूछताछ करेगी दिल्ली स्पेशल सेल

ख़बर शेयर करें

दिल्ली स्पेशल सेल हल्द्वानी जेल में बंद असलहा तस्कर हरेंद्र सिंह उर्फ हनी से पूछताछ करेगी। हनी 2021 में दिल्ली में गिरफ्तार आतंकी रेहान मीर को हथियार

News Article Hero Image
इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

रुद्रपुर। दिल्ली में वर्ष 2021 में आतंकी रेहान मीर की गिरफ्तारी के दौरान वांछित असलहा तस्कर हरेंद्र सिंह उर्फ हनी की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद अब दिल्ली स्पेशल टीम उससे पूछताछ करेगी।

इसके लिए सोमवार को दिल्ली स्पेशल सेल रुद्रपुर पहुंचेगी और आवश्यक जानकारी लेकर उससे हल्द्वानी जेल में पूछताछ करेगी। साथ ही ऊधम सिंह नगर पुलिस भी आतंकी रेहान की कुंडली खंगालने के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

पांच असलहे और 300 से अधिक कारतूस के साथ हुए अरेस्ट

बुधवार देर रात को सितारगंज से चोरगलिया नैनीताल के जंगल में भारी मात्रा और असलहे और कारतूस छिपाने ले जा रहे सितारगंज निवासी हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा उर्फ रानू को पांच असलहे और 300 से अधिक कारतूस के साथ पुलिस और एसओजी ने गिरफ्तार किया था। इस दौरान हुई पूछताछ में उन्होंने कई राज का पर्दाफाश भी किया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार हरेंद्र उर्फ हनी का कनेक्शन अल बदर आतंकी संगठन के ओवर ग्राउंड वर्कर रेहान मीर से मिले। हरेंद्र ने रेहान मीर को सात पिस्टल उपलब्ध कराई थी। वर्ष, 2021 में रेहान मीर को दिल्ली स्पेशल टीम ने गिरफ्तार किया था, जिसमें हरेंद्र उर्फ हनी वांछित चल रहा था।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दिल्ली स्पेशल सेल को जानकारी दी गई थी। वह उनसे पूछताछ करने के लिए जल्द ही आ सकती है। आतंकी रेहान मीर के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। संपर्क होने के बाद रेहान मीर के संबंध में और जानकारी मिल सकती है।