हल्द्वानी में एचएम छात्र का संदिग्ध मौत मामला, रेल पटरी के बीच मिला शव; दोस्तों की भूमिका पर उठे सवाल….

हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में एक एचएम छात्र का शव रेलवे पटरी के बीच संदिग्ध हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सौरभ सिंह बजेठा (24) के रूप में हुई है, जो आम्रपाली इंस्टीट्यूट में होटल मैनेजमेंट का छात्र था। घटना के बाद परिजनों ने उसके दो दोस्तों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रविवार देर रात हाथीखाल गोरापड़ाव निवासी सौरभ सिंह बजेठा का शव रेलवे ट्रैक के बीच पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार शुरुआती तौर पर मामला ट्रेन की चपेट में आने का लग रहा है, लेकिन शरीर पर कमर और मुंह पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है।
घटना की जानकारी मृतक के दोस्त जितिन रौतेला ने रात करीब 12:20 बजे फोन कर परिजनों को दी। उसने बताया कि सौरभ रेलवे पटरी पर पड़ा है और ट्रेन से हादसा हो गया है। लेकिन परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद जितिन रौतेला और उसका दूसरा साथी भूपेश बिष्ट उर्फ भूप्पी, जो सौरभ के करीबी दोस्त थे, मोर्चरी तक नहीं पहुंचे।
परिजनों ने यह भी दावा किया है कि घटना स्थल से कुछ दूरी पहले सौरभ का मोबाइल फोन और हाथ का कड़ा घास में पड़ा मिला। उनका कहना है कि मोबाइल की कॉल डिटेल डिलीट की गई है, जो पूरे मामले को और ज्यादा संदिग्ध बनाती है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सौरभ के पिता पूर्व फौजी थान सिंह का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। वह अपनी मां, बहन और 97 वर्षीय दादा के साथ रहता था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स ही इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में अहम साबित होंगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


