उत्तराखंड में भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण आज से शुरू

ख़बर शेयर करें



देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके साथ ही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण आज से हरिद्वार की हर की पैड़ी से शुरू हो गया है। यात्रा को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने शुरु किया। बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का पहला चरण बद्रीनाथ के माणा गांव से शुरू हुआ था। इससे पहले पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जयंती पर कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी।

Ad
Ad


हरिद्वार में हरकीपैड़ी में भारत जोड़ो यात्रा के शरू होने से पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम प्रदेशवासियों से वादा करते हैं कि ये यात्रा आपसी सौहार्द, भाईचारे को बढ़ाने के साथ-साथ ज्वलंत मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने कहा कि आप साथ बनाए रखिए, हम हौसले जारी रखेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के जिलों में भी आज से ही दूसरे चरण की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो चुकी है।

दूसरे चरण में उत्तराखंड में चल रही भारत जोड़ो यात्रा आज जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन से शुरू होकर 19 नवंबर को 1 सप्ताह यात्रा के चलने के बाद स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर राज्य के 13 जिलों में जाकर समाप्त होगी। इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सुबह हरिद्वार में गंगा पूजन किया।


खटीमा से कांग्रेस के विधायक और उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को कहा कि कांग्रेस की ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा का उद्देश्य कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोना है। उन्होंने कहा, माणा गांव उत्तराखंड का ऐतिहासिक गांव है इसलिए भगवान बद्री विशाल का नाम लेकर भारत जोड़ो यात्रा माणा गांव से शुरू की गई। यात्रा का एक चरण पूरा हो चुका है अब दूसरा चरण शुरू हो रहा है।


विभिन्न मुद्दों को लेकर हो रही यात्रा
कांग्रेस की ओर से विभिन्न मुद्दों को लेकर शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण हरिद्वार से शुरू हो गया है हरकी पैड़ी से चलकर यात्रा कलियर तक पहुंचेगी। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने का काम किया जाएगा। भारत जोड़ों यात्रा को भरपूर समर्थन मिल रहा है और प्रत्येक वर्ग इस यात्रा से जुड़ रहा है। देश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों को अच्छी तरह समझ चुकी है। महंगाई एवं भ्रष्टाचार चरम पर है। डालर के मुकाबले रुपया हर रोज गिर रहा है। रसोई गैस सिलिंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। हालात यह हैं कि भाजपा के मंत्री से लेकर कार्यकर्त्ता तक स्वीकार कर रहे हैं कि देश में महंगाई बढ़ रही है, लेकिन तानाशाही के चलते कोई भी मुंह खोलने को तैयार नहीं है।


महात्मा गांधी के पद चिन्हों पर चले रहे राहुल गांधी
यात्रा के ग्रामीण प्रभारी नवीन जोशी के मुताबिक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बाद इस तरह की लंबी पदयात्रा यदि किसी ने शुरू की है तो वह राहुल गांधी ने शुरू की है। विधायक फुरकान अहमद एवं ममता राकेश के अनुसार प्रदेश में भर्ती घोटाला सबके सामने हैं। कार्रवाई के नाम पर सरकार जांच कर रही है। गिरफ्तारियां हो रही हैं, लेकिन कमजोर पैरवी के चलते भर्ती घोटाले के आरोपित एक-एक कर बाहर आ रहे हैं। वनंतरा प्रकरण में अभी तक भाजपा ने उस वीआइपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।


कांग्रेसियों ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित नेहरू को किया याद
पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि देने पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आज भारत को जिस रूप में भी देखा जा रहा है उसका आधार पंडित नेहरू थे। गोदियाल ने कहा कि नेहरू ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण साल भारत की आजादी के लिए अंग्रेजों की क़ैद में बिताए। कांग्रेस आज उनकी जयंती पर उन्हें नमन करती है।