हल्द्वानी- स्कूल की पेरेंट्स मीटिंग में जाने निकली मां-बेटियों को कार ने कुचला, मां और मासूम बेटी की मौत; दूसरी बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही

सितारगंज। स्कूल की पेरेंट्स मीटिंग एक परिवार के लिए ऐसा दर्दनाक हादसा लेकर आई, जिसने खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के लिए घर से निकली मां अपनी दो मासूम बेटियों के साथ हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार कार ने तीनों को बेरहमी से टक्कर मार दी। भीषण हादसे में मां और छह वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ वर्षीय दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों की पहचान 34 वर्षीय मीनू देवी और उनकी छह वर्षीय बेटी अंशिका के रूप में हुई है, जबकि घायल नौ वर्षीय राधिका का अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे मीनू देवी अपनी दोनों बेटियों के साथ स्कूल में आयोजित पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के लिए निकली थीं। आरके ढाबे के पास नेशनल हाईवे किनारे तीनों वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान किच्छा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मीनू देवी और उनकी मासूम बेटी अंशिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राधिका गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। एक ही हादसे में मां और बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरी बेटी के उपचाराधीन होने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


