उत्तराखंड ग्रामीण बैंक में 54 लाख का घोटाला: कैशियर अभिलाष शर्मा यहाँ से गिरफ्तार

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

कंडीसौड़ (टिहरी)। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा में खाताधारकों के 54 लाख रुपये का गबन करने के मामले में थाना छाम पुलिस ने मुख्य आरोपित तत्कालीन बैंक कैशियर को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। जिसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा दिया।

विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
बीते 30 जून को उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, शाखा कमांद के शाखा प्रबंधक अमित कुमार ने थाना छाम में ई-एफआइआर दर्ज कराते हुए करीब 54 लाख के गबन की शिकायत की थी।

बैंक की आंतरिक आडिट व जांच समिति की जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई खाताधारकों के खातों से फर्जी हस्ताक्षर व फर्जी निकासी वाउचरों के माध्यम से अवैध रूप से धनराशि निकाली है।

शिकायत के आधार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक अभिलेखों, खाताधारकों के बैंक स्टेटमेंट, निकासी वाउचरों और अन्य दस्तावेज व इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया।

विवेचना में यह तथ्य भी सामने आया कि गबन की गई धनराशि का एक हिस्सा आरोपित ने अपने और अपने रिश्तेदारों के बैंक खातों में स्थानांतरित किया था।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस टीम ने देहरादून में दबिश देकर दो जुलाई को आरोपित अभिलाष शर्मा निवासी शक्ति कालोनी, प्रेमनगर रोड, बड़ोवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित की संलिप्तता के महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। मामले में गबन की पूरी धनराशि, फंड फ्लो और अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की गहन जांच जारी है।

वहीं, एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने कहा कि आर्थिक अपराध लोगों के विश्वास पर सीधा आघात हैं। पुलिस ऐसे मामलों में जीरो टालरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।