परीक्षा की हुई तैयारी ,2.16 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल

ख़बर शेयर करें

रामनगर skt. कॉम

21 फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षाएं, 2.16 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
रामनगर। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च तक एकल पाली में आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं के शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संचालन को लेकर शनिवार को परिषद सभागार में सभापति/निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई।
बैठक में दोनों मंडलों के अपर निदेशक (माध्यमिक), सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा संकलन केन्द्रों के उप नियंत्रक उपस्थित रहे। इस वर्ष हाईस्कूल में कुल 1,12,660 तथा इंटरमीडिएट में 1,03,449 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल परीक्षार्थियों की संख्या 2,16,109 है।


प्रदेशभर में 1261 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 156 संवेदनशील तथा 6 अति संवेदनशील केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। परीक्षा सामग्री के प्रबंधन हेतु 13 मुख्य संकलन केन्द्र और 26 उप संकलन केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
परिषद सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में परीक्षाएं पूरी सतर्कता, गोपनीयता और नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराई जाएं। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में अपर सचिव बीएमएस रावत, उप सचिव सुषमा गौरव, प्रभारी वित्त अधिकारी दिनेश चन्द्र जोशी, शोध अधिकारी शैलेन्द्र जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।