10 सूत्रीय मांग को लेकर प्रधान संघ ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

सीडीओ ने सभी पर सकारात्मक कार्यवाही के दिए संकेत

भीमताल skt. com

नैनीताल, skt. com

ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में आ रही प्रशासनिक एवं वित्तीय कठिनाइयों तथा ग्राम प्रधान संगठन की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर नैनीताल जनपद के विभिन्न विकासखंडों के ग्राम प्रधान जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल से मिले और ज्ञापन सौंपकर मांगों पर विस्तृत वार्ता की।

ग्राम प्रधानों ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं, लेकिन पर्याप्त वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारों के अभाव में विकास कार्यों को गति देने में कठिनाइयां आ रही हैं।

ग्राम प्रधानों की 10 सूत्रीय प्रमुख मांगें

  1. मनरेगा में श्रमिकों की उपस्थिति ऑफलाइन किए जाने तथा अकुशल श्रमिकों की मजदूरी ₹600 एवं कुशल श्रमिकों की ₹800 प्रतिदिन किए जाने की मांग
    इस मुद्दे को ब्लॉक अध्यक्ष भीमताल लक्ष्मण सिंह गंगोला, किशन दर्मवाल एवं मनीष भट्ट ने प्रमुखता से रखा।
  2. ग्राम पंचायतों को राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त से मिलने वाली धनराशि जनसंख्या एवं भौगोलिक क्षेत्रफल के आधार पर बढ़ाने की मांग
    इस मांग को ब्लॉक अध्यक्ष कोटाबाग सुरेन्द्र बोहरा, दिनेश जोशी एवं तारेश बिष्ट ने रखा।
  3. जिला योजना में ग्राम पंचायतों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा ग्राम प्रधानों को जिला योजना समिति में प्रतिनिधित्व देने की मांग
    इस संबंध में ब्लॉक अध्यक्ष रामगढ़ नंदन सिंह बिष्ट, सीमा पाठक एवं पूजा बिष्ट ने अपनी बात रखी।
  4. ग्राम प्रधानों को न्यूनतम ₹20,000 प्रतिमाह मानदेय तथा वार्ड सदस्यों को भी मानदेय देने की मांग
    इस मांग को प्रेमा देवी, ऋतु जोशी एवं गीता डोगरा ने प्रमुखता से उठाया।
  5. पंचायतीराज अधिनियम में वर्णित 29 विभागों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की मांग
    इस मुद्दे पर कपिल देवका, मनीष कुल्याल एवं कमल बेलवाल ने ग्राम पंचायतों को अधिक अधिकार दिए जाने की आवश्यकता बताई।
  6. विधायक/सांसद निधि की तर्ज पर ग्राम प्रधान निधि की व्यवस्था किए जाने की मांग
    इस मांग को मुकेश पलड़िया, मुन्नी देवी एवं यशवंत कार्की ने रखा।
  7. ग्राम पंचायतों में ₹10 लाख तक के निर्माण कार्यों की कार्यदायी संस्था ग्राम पंचायत को बनाए जाने की मांग
    इस मुद्दे पर प्रकाश पांडे, देवेंद्र कुमार एवं जितेंद्र चनौतिया ने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा और पलायन रोकने में मदद मिलेगी।
  8. ग्राम प्रधानों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा एवं जीवन बीमा की व्यवस्था किए जाने की मांग
    इस मांग को दिनेश बिष्ट एवं प्रदीप कुमार ने प्रमुखता से उठाया।
  9. प्रधानमंत्री आवास योजना-प्लस की प्राथमिकता सूची में पात्र लाभार्थियों के नाम सम्मिलित किए जाने की मांग
    इस संबंध में राधा कुल्याल एवं पूजा बिष्ट ने पात्र ग्रामीण परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने की आवश्यकता रखी।
  10. ग्राम पंचायतों पर टैक्स लगाने की बाध्यता तथा टैक्स न लगाने पर 16वें वित्त की धनराशि में कटौती के प्रावधान में संशोधन की मांग
    इस मुद्दे पर गोपाल सिंह अधिकारी, लक्ष्मण सिंह गंगोला एवं सुरेन्द्र बोहरा ने ग्राम पंचायतों पर अनावश्यक वित्तीय बोझ नहीं डालने की मांग रखी।

ग्राम प्रधान संगठन ने कहा कि इन मांगों का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को मजबूत बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना है। संगठन ने सीडीओ से मांगों पर शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय कराने का आग्रह किया।

जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी ने कहा कि ग्राम प्रधान गांव की जनता और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्राम पंचायतों को पर्याप्त अधिकार एवं संसाधन मिलने से विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

इस अवसर पर नैनीताल जनपद के विभिन्न विकासखंडों से ग्राम प्रधान उपस्थित रहे और सभी ने संगठन की 10 सूत्रीय मांगों के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की।

ADVERTISEMENTS