दिलचस्प मामला: हल्द्वानी से लापता प्रेमी जोड़ा मिला गुजरात के सिनेमाघर में, इंस्टाग्राम बना पुलिस के लिए बड़ा सुराग

हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर एक छोटी-सी चूक कैसे पुलिस के लिए बड़ा सुराग बन सकती है, इसका दिलचस्प मामला हल्द्वानी में सामने आया है। करीब डेढ़ महीने से लापता प्रेमी युगल को पुलिस ने इंस्टाग्राम से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर गुजरात के जामनगर से सकुशल बरामद कर लिया। खास बात यह रही कि दोनों पुलिस के पहुंचने तक एक सिनेमा हॉल में आराम से फिल्म देख रहे थे।
एसपी सिटी मनोज कत्याल के मुताबिक, बनभूलपुरा क्षेत्र निवासी किशोरी और मुखानी क्षेत्र निवासी युवक एक जुलाई को अपने-अपने घरों से लापता हो गए थे। परिजनों की तहरीर पर संबंधित थानों में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि घर से निकलने के करीब 10 दिन के भीतर दोनों ने अपने पुराने मोबाइल फोन बेच दिए थे। ऐसे में उनकी लोकेशन ट्रेस करना आसान नहीं था। पुलिस के साथ परिजन भी युवक के सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार नजर बनाए हुए थे।
इसी बीच युवक की इंस्टाग्राम आईडी पर एक मोबाइल नंबर पुलिस के हाथ लग गया। नंबर की पड़ताल आगे बढ़ी तो पुलिस को दोनों के गुजरात के जामनगर में होने का सुराग मिला।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। पुलिस को इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों जामनगर के एक सिनेमा हॉल में फिल्म देख रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू की और करीब एक घंटे के भीतर बताए गए सिनेमाघर तक पहुंच गई।
पुलिस की टीम ने सिनेमा हॉल में दबिश दी तो दोनों वहां आराम से फिल्म देखते हुए मिल गए। पुलिस ने दोनों को सकुशल बरामद कर लिया। अब उन्हें हल्द्वानी लाया जा रहा है।
मोबाइल बिके, लोकेशन छिपी… लेकिन इंस्टाग्राम की एक कड़ी ने पूरी कहानी बदल दी। डेढ़ महीने से चली आ रही तलाश आखिरकार गुजरात के सिनेमा हॉल में जाकर खत्म हुई।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



बिग न्यूज़ – मोदी मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियां ,कुछ का बदलाव तथा कुछ को दिखा सकते हैं बाहर का रास्ता
10 सूत्रीय मांग को लेकर प्रधान संघ ने सीडीओ को सौंपा ज्ञापन