काठगोदाम में उफनती नहर में बह गया युवक, पुलिसकर्मी और फायरमैन ने जान जोखिम में डालकर बचाया

काठगोदाम न्यूज़- काठगोदाम में बुधवार देर रात एक युवक उफनती नहर में बह गया। घने अंधेरे और तेज बहाव के बीच युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। कांस्टेबल और फायरमैन ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में उतरकर युवक की तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवक की पहचान दिल्ली निवासी नरोत्तम के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद पुलिस ने उसे डायल-112 वाहन से अस्पताल पहुंचाने के लिए रवाना किया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर युवक को तत्काल एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया। इसके बाद उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
रात साढ़े 10 बजे मिली युवक के नहर में बहने की सूचना
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे काठगोदाम पुलिस को सूचना मिली कि कौलटैक्स नहर में एक युवक बह गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में उपनिरीक्षक दलीप, उपनिरीक्षक कुमकुम और कांस्टेबल प्रताप गढ़िया मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस की टीम को भी तत्काल बुलाया गया।
नहर में पानी का बहाव बेहद तेज था और रात होने के कारण चारों ओर घना अंधेरा था। इसके बावजूद पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने युवक की तलाश शुरू कर दी।
कांस्टेबल और फायरमैन ने नहर में लगाई छलांग
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांस्टेबल प्रताप गढ़िया और फायरमैन रविचंद्र रजवार तेज बहाव वाली नहर में उतर गए। दोनों जवानों ने काफी देर तक युवक की तलाश की। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने नरोत्तम को खोज निकाला और सुरक्षित नहर से बाहर निकाल लिया।
जवानों की इस बहादुरी को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने उनका हौसला बढ़ाया और पुलिस-फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया
नहर से बाहर निकालने के बाद पुलिस टीम ने युवक को तत्काल डायल-112 वाहन से अस्पताल के लिए रवाना किया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर नरोत्तम को उसमें शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद उसे सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
तेज बहाव और घने अंधेरे के बीच पुलिसकर्मी और फायरमैन द्वारा जान जोखिम में डालकर किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



पैलेट गन मामला उछला- राहुल अड़े, साहिल लोचव की तहरीर पर संसद मार्ग थाने में मुकदमा दर्ज