नैनीताल के जिला सूचनाधिकारी गिरजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन, कल सुबह निकाली जाएगी शव यात्रा,

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। नैनीताल के जिला सूचनाधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का शनिवार को हृदय गति रुकने से अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह माह के द्वितीय शनिवार को अवकाश होने के चलते हल्द्वानी स्थित अपने घर से बाइक लेकर मीडिया सेंटर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट करने के लिए किक मारी, इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, और वह कुछ ही क्षणो में दुनिया को अलविदा कह गए।
गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन की खबर सामने आते ही पत्रकार जगत और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड गई। वह अपने मिलनसार, सहज और जिंदादिल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अधिकारियों, कर्मचारियो और पत्रकारों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार उन्हें सबसे अलग बनाता था।
पत्रकारों के साथ उनका व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक और अपनत्व भरा रहा। उनके असमय चले जाने से पत्रकारिता जगत में एक ऐसा खालीपन पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई आसान नही होगी।
अपने कार्यकाल के दौरान गिरजा शंकर जोशी हल्द्वानी में पत्रकारों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाने मे भी सक्रिय रहे। हल्द्वानी मे नए मीडिया सेंटर की नींव और पत्रकारों के लिए प्रस्तावित गेस्ट हाउस जैसी महत्वपूर्ण पहल उनके कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियो में शामिल रहेंगी।
उनके निधन पर जिला सूचना कार्यालय, लाल कुआं प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों अधिकारियों, और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
दिवंगत जिला सूचना अधिकारी की शव यात्रा कल रविवार की प्रातः 9 बजे उनके हल्द्वानी स्थित आवास से निकाली जाएगी तथा चित्राशिला घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS