16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट! अगले कुछ घंटों में आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है। आज भी राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में सुबह से ही चटक धूप निकली हुई है। हालांकि, देश के कई अन्य राज्यों में अभी भी भारी बारिश लोगों के लिए आफत बनी हुई है।
इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर से देश के कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी बुधवार (9 सितंबर) को यूपी-बिहार के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कम से कम 16 राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए आईएमडी ने लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि वे खराब मौसम के दौरान बेवजह अपने घरों से बाहर न निकलें।
पहाड़ों पर मंडरा रहा भूस्खलन का खतरा, समंदर में उठेगी ऊंची लहरें
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश के चलते भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का खतरा तेजी से मंडरा रहा है। वहीं, आंधी-तूफान के दौरान तेज हवाओं से पेड़ों के टूटने और बिजली के खंभों के उखड़ने की भी आशंका जताई गई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के बीच समंदर में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी की है।
तटीय इलाकों में सुरक्षा के लिहाज से मछुआरों को मौसम खराब रहने के दौरान समंदर में न उतरने की सलाह दी गई है। मौसम में आ रहे इस अचानक बदलाव की मुख्य वजह कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनना बताया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कई राज्यों के ऊपर हवा का चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है, जिसके असर से कई स्थानों पर तेज बारिश होने के पूरे आसार हैं।
इन 16 राज्यों में आज हो सकती है भारी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को देश के 16 राज्यों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इस सूची में उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना, महाराष्ट्र और राजधानी दिल्ली शामिल हैं। बारिश के दौरान कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का भी अनुमान है।
दिल्ली में कैसा रहेगा आज मौसम का हाल?
राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी बुधवार को यहां बारिश के साथ आंधी आने की आशंका है, जिसके लिए आईएमडी ने अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शाम होते ही दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश के आसार को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया है।
यूपी और बिहार में आज भारी बारिश और आंधी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को गौतम बुद्ध नगर, प्रयागराज, कानपुर, मिर्जापुर, शाहजहांपुर, देवरिया, अंबेडकर नगर, मेरठ, मथुरा, अलीगढ़, बलरामपुर, वाराणसी, बहराइच, सोनभद्र, रामपुर और गोरखपुर में भारी बारिश की आशंका बनी हुई है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
वहीं पड़ोसी राज्य बिहार के भी कई हिस्सों में मौसम खराब रहेगा। पटना, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, गया, अररिया, दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, सीवान, मधुबनी, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है। कई इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
राजस्थान, एमपी और पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का रेड अलर्ट
उधर राजस्थान के जयपुर, कोटा, बीकानेर, उदयपुर, टोंक, चित्तौड़गढ़, बूंदी, भीलवाड़ा, अजमेर, भरतपुर और सवाई माधोपुर में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश का अनुमान है। मध्य प्रदेश की बात करें तो उज्जैन, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, देवास, श्योपुर, नरसिंहपुर, विदिशा, भोपाल, इंदौर, मुरैना, खंडवा, अशोक नगर, उमरिया, नीमच और कटनी में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चमोली और देहरादून में 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, बिलासपुर और किन्नौर जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


