हल्द्वानी – आखिर क्यों पूर्व सैनिक की पत्नी ने प्रॉपर्टी कारोबारी पर कराया मुकदमा,पढ़े खबर

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी – मुखानी क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी कारोबारी पर पूर्व सैनिक की पत्नी को बहन बनाकर विश्वास में लेने और बाद में उनकी करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने का आरोप लगा है। पीड़िता भागीरथी जोशी की तहरीर पर मुखानी पुलिस ने फतेहपुर नील पोखरा नंबर-2 निवासी भुवन चंद्र जोशी उर्फ कन्नू जोशी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में बैंक कर्मियों की मिलीभगत का आरोप भी लगाया गया है।

पीड़िता के अनुसार, फरवरी 2024 में उनकी मुलाकात आरोपित से हुई थी। आरोपित ने खुद को शराब कारोबारी बताते हुए प्रॉपर्टी का कारोबार बढ़ाने की बात कही और उन्हें बहन बनाकर विश्वास में लिया। इसके बाद उसने जमीन से संबंधित दस्तावेज तीन माह के लिए मांगे। इसके एवज में हर माह 1.50 लाख रुपये देने का भरोसा भी दिलाया।

पीड़िता का कहना है कि आरोपित पर विश्वास करते हुए उन्होंने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज उसे सौंप दिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने बैंक से लोन दिलाने के नाम पर उनसे कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए। साथ ही संपत्ति को जल्द बंधक मुक्त कराने का भरोसा दिया गया।

2.58 करोड़ की संपत्ति बेचने का आरोप – 
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी करीब 2.58 करोड़ रुपये की संपत्ति बेच दी गई, जबकि उनके नाम पर करीब 1.70 करोड़ रुपये का बैंक लोन भी दर्शाया गया। महिला ने इस पूरे मामले में बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मुखानी पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर 29 सितंबर की रात प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब संपत्ति के दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और अन्य संबंधित साक्ष्यों की जांच कर रही है।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि आरोपित को नोटिस भेजने की प्रक्रिया चल रही है। दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी

ADVERTISEMENTS