हल्द्वानी- पीएसपी हॉस्पिटल ने धनराशि लेने संबंधी खबरो को लेकर जारी किया बयान

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित पीएसपी हॉस्पिटल में गत दिनों उपचार के दौरान 65 वर्षीय बुजुर्ग मरीज की मृत्यु के बाद उत्पन्न विवाद को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। अस्पताल प्रशासन ने बयान जारी कर कहा है कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों में प्रसारित धनराशि लेने तथा उपचार में लापरवाही संबंधी खबरें पूर्णतः भ्रामक, निराधार एवं तथ्यहीन हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार 17 जून को हुई उक्त घटना के बाद कुछ माध्यमों में यह प्रचारित किया गया कि उपचार के दौरान मरीज के परिजनों से धनराशि ली गई तथा इलाज में लापरवाही बरती गई। प्रबंधन ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि मरीज को चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप उपचार प्रदान किया गया तथा उपचार के दौरान परिजनों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया।
प्रबंधन ने कहा कि अस्पताल की संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं और इस कठिन समय में अस्पताल परिवार के प्रति पूर्ण सहानुभूति रखता है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि उपचार में लापरवाही एवं धनराशि लेने संबंधी लगाए जा रहे आरोपों में कोई सत्यता नहीं है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस प्रकार की भ्रामक खबरें तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत की जा रही हैं।
अस्पताल प्रबन्धन ने कहा कि पीड़ित परिवार के प्रति उनकी पूरी सहानुभूति है और अस्पताल सदैव उनके साथ खड़ा है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा तथ्यात्मक जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


