हल्द्वानी में रील के चक्कर में जोखिम में डाली जान, बुलेट की टंकी पर प्रेमिका को बैठाकर स्टंट करने का वीडियो वायरल

हल्द्वानी: सोशल मीडिया पर रील बनाने और सुर्खियां बटोरने के चक्कर में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। मंगलवार को हल्द्वानी में एक ऐसा ही सनसनीखेज वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा कर रख दीं। यह पूरा मामला काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हैड़ाखान मार्ग का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार बुलेट बाइक दौड़ाता हुआ नजर आ रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि उसकी प्रेमिका बाइक की टंकी पर चालक की तरफ मुंह करके बैठी हुई है। बिना हेलमेट और बिना किसी सुरक्षा के चलती बाइक पर किया गया यह जानलेवा स्टंट सड़क से गुजर रहे अन्य राहगीरों के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो सकता था।
वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद स्थानीय लोगों ने इस हुड़दंगबाजी पर कड़ी आपत्ति जताई है। वहीं, काठगोदाम पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए बुलेट के नंबर के आधार पर युवक की शिनाख्त शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसके खिलाफ सख्त वैधानिक और चालानी कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


