हल्द्वानी:- हिंदू नाम से रहने का आरोप, दस्तावेज सामने आने के बाद यहां हंगामा

हल्द्वानी के निकट बिंदुखत्ता के शास्त्री नगर में एक युवक की पहचान को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि युवक कथित तौर पर हिंदू नाम और पहचान बताकर एक परिवार के यहां रह रहा था। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष इस मामले को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से आवश्यक कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, रुद्रपुर निवासी एक युवक पिछले कुछ समय से शास्त्री नगर के एक परिवार के यहां रह रहा था। मंगलवार को ग्रामीणों को युवक की पहचान को लेकर जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर उससे पूछताछ की।
ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने पूछताछ के दौरान अपना नाम अमित बिष्ट बताया था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके आधार कार्ड की जांच किए जाने का दावा किया। ग्रामीणों के मुताबिक, दस्तावेज में युवक की पहचान रुद्रपुर निवासी मुस्लिम व्यक्ति के रूप में सामने आई।
मामले को लेकर यह भी चर्चा है कि युवक के परिवार की एक युवती से संबंध थे। इसी को लेकर ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया। हालांकि, युवक की पहचान, उसके परिवार के यहां रहने और युवती से संबंधों को लेकर सामने आए दावों की पुलिस स्तर से पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दस्तावेजों समेत अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


