Haldwani:- जनआक्रोश के बीच हरकत में विभाग, गोला पुल लिंक रोड की अधूरी सुरक्षा दीवार का निरीक्षण

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। पिछले मानसून में धंसने के बाद से चोरगलिया रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग से गोला पुल को जोड़ने वाली सड़क की सुरक्षा दीवार का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है। अधूरे कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में बढ़ते आक्रोश के बीच लोक निर्माण विभाग के नए अधीक्षण अभियंता राजेश पंत ने कार्यभार संभालते ही मौके का निरीक्षण कर जल्द निर्माण पूरा कराने का आश्वासन दिया। हल्द्वानी में चोरगलिया रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग से गोला पुल को जोड़ने वाली सड़क पिछले वर्ष मानसून के दौरान धंस गई थी। सड़क के क्षतिग्रस्त होने के बाद सड़क और उसकी सुरक्षा दीवार के निर्माण का कार्य शुरू किया गया, लेकिन लंबे समय बाद भी यह काम अधूरा पड़ा है। बरसात के मौसम में अधूरी सुरक्षा दीवार को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।लोक निर्माण विभाग के नए अधीक्षण अभियंता राजेश पंत ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद अधीक्षण अभियंता राजेश पंत ने बताया कि सड़क और सुरक्षा दीवार के शेष कार्य को पूरा करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। विभाग का प्रयास है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर सड़क को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और इस मार्ग पर यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं को प्राथमिकता दी जा रही है और कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।