SIR के बीच फर्जी आपत्तियों ने बढ़ाया राजनीतिक तापमान
राजनैतिक दलों के नेताओ ने 5 से अधिक आपत्ति करने वालों को चिन्हित करने की मांग
हलद्वानी /किच्छा/जसपुर
उत्तराखंड में इन दिनों मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का काम जोर-शोर से चल रहा है. निर्वाचन आयोग के लिए मतदाता सूची को अपडेट और शुद्ध करना जितना जरूरी है, उतना ही यह राजनीतिक दलों के लिए भी बेहद अहम है. वजह साफ है राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और चुनावी मैदान में उतरने वाले दलों के लिए मतदाता सूची सबसे महत्वपूर्ण आधार होगी. ऐसे में SIR की पूरी प्रक्रिया पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है.
19 लाख मतदाताओं को जारी हुए नोटिस: मतदाता सूची के शुद्धिकरण के तहत प्रदेश में करीब 19 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं. इसके बाद अब मतदाता सूची में शामिल नामों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराने का दौर चल रहा है. इन्हीं आपत्तियों के आंकड़ों ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है. सामने आए आंकड़ों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि कुछ नामों से ही बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज की गई हैं.
एक नाम से 156 तक आपत्तियां: आंकड़ों के मुताबिक अब तक 12,209 वास्तविक आपत्ति आवेदन दर्ज हुए हैं. इनमें सबसे ज्यादा आपत्तियां एक ही नाम नितिन से जुड़ी हैं. नितिन नाम से कुल 156 आपत्तियां दर्ज हुई हैं. ये आपत्तियां जसपुर और किच्छा विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी हैं.
इन नामों पर भी आपत्तियों का सैकड़ा पार: इसके बाद विनीत गिरि गोसाई नाम से 126 आपत्तियां दर्ज हैं. कार्तिक घीक नाम से 125, अशोक प्रसाद के नाम से 113 और अभिषेक तिवारी नाम से 104 आपत्तियां दर्ज हुई हैं. इसी तरह लतिका सिकदार के नाम से 93, विजय यादव के नाम से 90, जयमहाशक्ति मिश्रा के नाम से 76, गुरमेल सिंह के नाम से 75 और रामकुमार के नाम से 73 आपत्तियां दर्ज हैं.
टॉप 10 नामों में एक हजार से ज्यादा आपत्तियां: यानी टॉप 10 नामों से ही 1,124 आपत्तियां दर्ज हुई हैं. यह कुल 12,209 आपत्तियों का करीब 9.2 प्रतिशत है. हालांकि केवल एक नाम के बार-बार आने से यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि सभी आवेदन फर्जी हैं, क्योंकि एक ही नाम के अलग-अलग वास्तविक व्यक्ति भी हो सकते हैं. लेकिन इतने बड़े पैमाने पर एक ही नाम से आपत्तियां सामने आना निश्चित तौर पर जांच और सत्यापन का विषय बन गया है.
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


