सीएम धामी ने राहुल गांधी को बताया असंस्कारी, शुद्धिकरण मामले पर साधा कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामलीला मैदान से जुड़े शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को जाति के मुद्दे के रूप में पेश कर समाज को बांटने का प्रयास कर रही है।
शुद्धिकरण मामले पर सीएम धामी ने साधा कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रामलीला मैदान में धार्मिक उन्माद से जुड़े नारे लगाए गए थे, जिसके बाद धार्मिक संगठनों ने वहां पहुंचकर शुद्धिकरण किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के स्थान पर धार्मिक उन्माद फैलाना गलत है। इस मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा वोट की राजनीति की जा रही है।
असंस्कारी हो गए हैं राहुल गांधी: CM धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब पूरी तरह से असंस्कारी हो गए हैं और उनके आसपास मौजूद लोग उन्हें गलत सलाह दे रहे हैं। सीएम ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी मंचों पर फूहड़ नाटक करते हैं और राष्ट्रीय नेताओं का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सब पूरी दुनिया ने देखा है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब कांग्रेस को देगी।
वीडियो वायरल होने के बाद गरमाया था मामला
गौरतलब है कि 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जनसभा को संबोधित करने के लिए हल्द्वानी के रामलीला मैदान पहुंचे थे। रैली के बाद, 10 अगस्त को रामलीला मैदान का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें पूजा-पाठ होते हुए देखा गया। वीडियो के सामने आने के बाद, कांग्रेस ने बीजेपी पर मंच के “शुद्धिकरण” (जिसमें हवन-पूजा और गंगाजल का छिड़काव शामिल था) का आरोप लगाया था।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


