हल्द्वानी में बवाल चले ईंट-पत्थर और डंडे: मजदूर क्वार्टरों से दहशत में लोग; महिला पर हमले का वीडियो वायरल, प्रदर्शन

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी के तल्ली बमौरी-लालडांट स्थित शक्ति नगर फेज वन कॉलोनी में शनिवार देर शाम दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर और डंडे चलने लगे। इस हिंसक झड़प में कई लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जबकि एक महिला पर दोबारा हमला किए जाने से वह चोटिल हो गई। आए दिन होने वाली इस अराजकता से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा और उन्होंने जोरदार प्रदर्शन कर क्षेत्रीय पार्षद को ज्ञापन सौंपा।

सड़क पर आ गया विवाद, सामने आया खौफनाक वीडियो

:

शनिवार रात मजदूरों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सीधे सड़क पर आ पहुंचा। घटना के वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक मजदूर एक महिला पर अचानक हमला कर देता है, जिससे महिला चोटिल हो जाती है। वहीं, कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर दौड़ते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कॉलोनी में प्रकाश पाटनी, विनोद शर्मा और नीता जोशी नाम के जमीन मालिकों ने अपने-अपने प्लॉटों में अवैध रूप से कुल 59 मजदूर क्वार्टर बना रखे हैं। इन क्वार्टरों में रहने वाले मजदूर आए दिन आपस में भिड़ते रहते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में मारपीट, चाकूबाजी और गाली-गलौज अब रोज की बात हो चुकी है।

महिलाओं का घर से निकलना हुआ दुश्वार

मजदूरों की इस गुंडागर्दी के कारण लालडांट इलाके का माहौल बेहद खराब हो चुका है। स्थानीय निवासियों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि शाम ढलते ही महिलाओं और बेटियों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। इस अराजकता से तंग आकर रविवार को स्थानीय लोगों ने क्वार्टर मालिकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और क्षेत्रीय पार्षद चंदन मेहता को ज्ञापन देकर ठोस कार्रवाई की मांग की।

पुलिस की जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके के वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। माहौल खराब करने वाले आरोपियों को चिन्हित कर जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS