ब्रेकिंग:- उत्तराखंड की दिन भर की 10 बड़ी खबरें, पढ़े

आज की सबसे बड़ी खबर केदारनाथ पैदल मार्ग पर बादल फटने और लैंडस्लाइड से जुड़ी रही। दूसरी खबर हरिद्वार में तैयार हुई हर्बल सिगरेट की रही, जिसमें 15 आयुर्वेदिक औषधियों का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, बद्रीनाथ धाम में तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, उत्तराखंड में आज दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 3 खबरें…
1. केदारनाथ पैदल मार्ग पर बादल फटा, लैंडस्लाइड से रास्ता बंद
रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर शुक्रवार सुबह चीरबासा हेलीपैड के पास बादल फट गया। इससे करीब 150 मीटर इलाके में भारी लैंडस्लाइड हुई और पहाड़ी से मलबा व बड़े पत्थर गिरने लगे। सुरक्षा के चलते सुबह 11 बजे यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई। दोपहर ढाई बजे के बाद यात्रा फिर शुरू हुई, लेकिन घोड़े-खच्चरों की आवाजाही अभी बंद है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है
2. हरिद्वार में बनी हर्बल सिगरेट, तंबाकू की जगह 15 आयुर्वेदिक औषधियां
हरिद्वार के एक आयुर्वेदिक कॉलेज के डॉक्टरों ने धूम्रपान की लत छोड़ने के लिए हर्बल सिगरेट तैयार की है। सामान्य बीड़ी-सिगरेट जैसी दिखने वाली इस हर्बल दंडिका में निकोटीन और तंबाकू की जगह 15 आयुर्वेदिक औषधियों का मिश्रण है। डॉक्टरों की निगरानी और काउंसलिंग में अब तक 40 लोग इसके प्रयोग से जुड़े हैं। हालांकि अभी डाटा पूरा नहीं हुआ है, इसलिए इसके असर पर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
3. बद्रीनाथ के तप्त कुंड में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत
बद्रीनाथ धाम के महिला तप्त कुंड में स्नान के दौरान राजस्थान के भीलवाड़ा की दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 71 वर्षीय रामु देवी और 73 वर्षीय प्रेम देवी संकल्प के तहत डुबकी लगा रही थीं, तभी बेहोश होकर कुंड में गिर गईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजस्थान से 100 से ज्यादा श्रद्धालुओं का दल 4 सितंबर से बद्रीनाथ धाम में मौजूद है।
4. हल्द्वानी में रॉन्ग साइड बाइक पिकअप से भिड़ी, युवक की मौत
हल्द्वानी-लालकुआं नेशनल हाईवे पर मोती नगर चौराहे के पास तेज रफ्तार बाइक रॉन्ग साइड से पिकअप से टकरा गई। हादसे में 28 वर्षीय रहीम खान की मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद युवक करीब डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे तड़पता रहा और लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे। रहीम एक साल के बच्चे का पिता था। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लिया है।
5. हरिद्वार में फिल्म प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने दक्षिण काली मंदिर में पूजा की
बाबा नीम करौली के जीवन और संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर परिवार के साथ हरिद्वार के सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर पहुंचीं। उन्होंने आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया और पूजा-अर्चना की। अनुप्रिया ने फिल्म की सफलता को संतों और ईश्वर का आशीर्वाद बताया। इस दौरान उनके माता-पिता और दादा-दादी भी मौजूद रहे।
6. मेडिकल इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार
उत्तराखंड में मेडिकल इंटर्न के पांच दिन से चल रहे प्रदर्शन के बीच धामी कैबिनेट ने स्टाइपेंड बढ़ाने को मंजूरी दी है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अब मेडिकल इंटर्न को हर महीने 25 हजार रुपए मिलेंगे, जबकि अभी 17 हजार रुपए मिल रहे थे। शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में खिलाड़ियों के लिए 278 पद, हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 15 एकड़ जमीन और मसूरी में गढ़वाल सभा को जमीन देने समेत कई प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
7. देहरादून में ‘नशा मुक्त’ क्रिकेट लीग, शराब पार्टी का वीडियो वायरल
देहरादून में ‘नशा मुक्त हरियाणा और खेलों को बढ़ावा’ थीम पर चल रही हरियाणवी आर्टिस्ट क्रिकेट लीग के बीच शराब पार्टी का वीडियो सामने आया है। 15 सेकेंड के वीडियो में कलाकार योगी दहिया कोहनी से शराब की बोतल खोलकर गिलास में डालते दिखाई दे रहे हैं। आसपास अन्य कलाकार भी नजर आ रहे हैं। वीडियो रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का बताया जा रहा है।।
8. दून-दिल्ली वोल्वो सेवा में 39% कटौती, कई रूट की बसें बंदउत्तराखंड रोडवेज में यात्रियों की मांग के बजाय उपलब्ध बसों के हिसाब से संचालन किए जाने का मामला सामने आया है। दून-दिल्ली सुपर डीलक्स वोल्वो सेवा में बसों की संख्या 28 से घटाकर 17 कर दी गई है। दून-अयोध्या बस सेवा बंद हो चुकी है, जबकि कटरा वैष्णो देवी और चंडीगढ़ की वोल्वो सेवाएं भी पहले की तरह नियमित नहीं हैं। इसके अलावा मुरादाबाद, चांदपुर, बरेली, मथुरा और शाहजहांपुर की कई सेवाएं भी बंद हो चुकी हैं
9. उत्तरकाशी में चाचा की हत्या का आरोपी 4 दिन बाद गिरफ्तार
उत्तरकाशी में चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने चार दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद आरोपी जंगलों में छिपा था। चरवाहों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने उसे वहां से भगा दिया, जिसके बाद वह मोरी कस्बे में छिपने की कोशिश कर रहा था। पुलिसकर्मियों की नजर पड़ने पर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी ने करम चंद के हाथ, गर्दन और पैरों पर कुल्हाड़ी से हमला किया था।
10. उत्तराखंड में कल राष्ट्रीय लोक अदालत, कई मामलों का होगा निस्तारण
उत्तराखंड में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी। हाईकोर्ट समेत प्रदेश की कई अदालतों में लगने वाली लोक अदालत में लंबित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसमें बैंक रिकवरी, सिविल वाद और अपील के साथ मोटर दुर्घटना से जुड़े मामलों की सुनवाई भी होगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें



दुग्ध समितियों के चुनाव -मुकेश बोरा का जलवा बरकरार लगातार 12वीं बार निर्विरोध बने अध्यक्ष