हल्द्वानी- महिला दरोगा से मारपीट के मामले में एसओजी सिपाही पर प्राथमिकी दर्ज

पति-बच्चों समेत जान से मारने की धमकी देने और वर्दी पकड़कर खींचने का भी आरोप, कोतवाली के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हल्द्वानी। राजपुरा चौकी प्रभारी महिला दरोगा आरती के साथ कोतवाली परिसर में मारपीट के मामले में पुलिस ने सोमवार को एसओजी सिपाही अनिल गिरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। महिला दरोगा ने सिपाही पर थप्पड़ मारने, वर्दी पकड़कर खींचने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला दरोगा के मुताबिक, 10 अक्तूबर को आरोपी सिपाही ने फोन कर उन्हें पति और बच्चों समेत जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में उन्होंने एसएसपी से शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद 11 अक्तूबर को सिपाही कोतवाली पहुंचा और उनके साथ मारपीट की। महिला दरोगा ने यह भी आरोप लगाया कि सिपाही ने लाइसेंसी पिस्टल होने की बात कहते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि घटना कोतवाली परिसर की बताई गई है। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 सच की तोप व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें


